रघुवंश सिंह के निधन से बिहार में शोक की लहर, जानें क्या कहा नेताओं ने

रघुवंश सिंह का निधन बिहार एवं देश के लिए अपूरणीय क्षति : अश्विनी चौबे
पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि बिहार एवं देश के लिए उनका निधन अपूरणीय क्षति है। वे जमीन से जुड़े हुए नेता थे। गरीबों के हित की राजनीति आजीवन करते रहे। उन्होंने बिहार के सर्वांगीण विकास की चिंता हमेशा की। वे देशभर में लोकप्रिय थे। प्रखर नेता के रूप में जाने जाते थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति व इस दुख की घड़ी में उनके परिवार को साहस प्रदान करें।

मैंने एक सच्चा मित्र खो दिया : शरद यादव

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर दिग्गज नेता शरद यादव ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि रघुवंश बाबू के निधन की खबर सुनकर बहुत ही दुख हुआ और मेरे लिए बहुत ही दर्द देने वाली है। यह ना केवल मेरे घनिष्ठ मित्र थे,बल्कि एक परिवार की तरह थे क्योंकि हम दोनों देश और बिहार राज्य की राजनीति पर तो चर्चा करते ही थे बल्कि एक दूसरे के दुख सुख के बारे में भी सच्चे मन से चर्चा किया करते थे। आजकल के समय में ऐसे मित्र कहा मिलते हैं जिससे दिल की बात कही जा सके मगर रघुवंश बाबू एक ऐसे दिलदार मित्र और राजनेता थे जिनसे में सभी बातें कर लेता था।

रघुवंश बाबू के निधन से राज्य को अपूरणीय क्षति : राठौर
क्षत्रिय सेवा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनवंत सिंह राठौर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के असमायिक निधन से समाज नहीं बल्कि पूरे बिहार को अपूर्णीय क्षति हुई है। रघुवंश बाबू के निधन से बिहार को जो क्षति हुई, उसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। महासंघ मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित कर श्रदांजलि अर्पित करेगी।

रघुवंश सिंह ने समाजवाद और कार्यकर्तावाद की राजनीति की : पप्पू यादव
जन अधिकार पार्टी लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने अपने वक्तव्य में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह वरिष्ठ समाजवादी नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इनके निधन से बिहार ही नहीं बल्कि राष्ट्र को अपूरणीय क्षति हुई है। इनके जैसे नेता विरले ही समाज को मिलते हैं, इन्होंने हमेशा परिवारवाद की राजनीति से अलग हटकर समाजवाद और कार्यकर्तावाद की राजनीति की। वहीं राष्ट्रीय महासचिव अकबर अली परवेज, प्रदेश महासचिव संदीप सिंह समदर्शी, युवा परिषद के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश तिवारी ने भी इनके निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की और कहा कि इनके निधन से समाजवादी आंदोलन को बड़ा नुकसान हुआ है। इनका निधन एक युग का अंत है।

देश ने एक महान नेता खो दिया : आप
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. शशिकान्त एवं प्रदेश मीडिया कोआर्डिनेटर मृणाल राज ने पार्टी की ओर से पूर्वमंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से देश ने एक महान नेता खो दिया है।

About Post Author

You may have missed