चुनावी सभा में बोले अश्विनी चौबे : राजद के शासनकाल में बिहार बन गया था नरसंहार का पर्यायवाची :

पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि राजद एवं उनके सहयोगी दलों के 15 साल के शासन काल में बिहार नरसंहार अपराध भ्रष्टाचार का पर्यायवाची बन गया था। एनडीए के 15 साल के शासनकाल में बिहार सुशासन के साथ हर क्षेत्र में प्रगति की ओर है। राजद-कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों ने जो महागठबंधन बनाया है, दरअसल वह महाठगबंधन है। महागठबंधन का विकास से दूर-दूर तक कोई नाता न पहले रहा है, न आगे रहेगा। महागठबंधन बिहार को एक बार फिर से हिंसा में झोंकना चाहती है। बिहार की जनता लोकसभा की तरह विधानसभा में भी इन्हें क्लीन बोल्ड करेगी।


अश्विनी चौबे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रामगढ़, कैमूर, अरवल, काराकाट रोहतास में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनडीए का लक्ष्य सबका साथ-सबका विश्वास-सबका विकास है। श्री चौबे ने आगे कहा कि जिस तरह से बिहारवासी संकल्प के साथ कोरोना को हरा रहे हैं, उसी तरह महागठबंधन को भी हराएंगे। 2005 में जब एनडीए की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बनी तो सुशासन का राज हुआ। बिहार की जो गौरवशाली परंपरा रही है, वह पुन: जागृत हुआ। आज हर बिहारी को बिहारी कहलाने में गर्व होता है। बिहार विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। 15 सालों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का सर्वांगीण विकास हुआ है। सुशासन का राज कायम हुआ है। अपराधी अपराध करने से डरते हैं, उन्हें सजा मिलती है। अपराधियों का महिमामंडन नहीं किया जाता है।
इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कोरोना को लेकर लोगों को सतर्क रहने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा कम नहीं हुआ है। ऐसे में सतर्कता जरूर बरतें। जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं, के लिए उन्होंने सभी को प्रेरित किया।

About Post Author

You may have missed