BIHAR : सुशांत सिंह राजपूत के ममेरे भाई समेत दो को अपराधियों ने मार गोली, बाइक से जा रहे थे अपने शोरुम

सहरसा। बिहार के सहरसा में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े स्व. अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के ममेरे भाई राजकुमार सिंह समेत दो लोगों को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। घटना शनिवार सुबह 10:30 बजे के करीब बैजनाथपुर ओपी क्षेत्र के तिरी गांव के पास हुई है। बाइक शोरुम के मालिक राजकुमार सिंह को गोली जांघ में लगी है। जबकि इनके साथ में बाइक से जा रहे एक मोटर मैकेनिक को छाती में गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर है। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने राजकुमार सिंह के पैर में फंसी गोली को निकाल दिया, जबकि उनके स्टाफ के पेट में अभी भी गोली फंसी हुई है।
रोज स्टाफ के साथ मधेपुरा जाते हैं राजकुमार
घायल राजकुमार सिंह के अनुसार, वे लगभग 15 वर्षों से मधेपुरा में यामाहा मोटरसाइकिल का शोरुम चलाते हैं। प्रतिदिन सुबह बाइक से निकल बैजनाथपुर पहुंचते हैं, उनके साथ में विश्वासपात्र मोटरसाइकिल मैकेनिक आमिर हसन बाइक पर बैठकर मधेपुरा जाते हैं। फिर देर शाम दोनों साथ ही वापस लौटते हैं। शनिवार को भी वे बाइक लेकर बैजनाथपुर पहुंचे, जहां से आमिर बाइक चलाते हुए मधेपुरा की ओर निकले। जैसे ही वे लोग तिरी गांव से आगे ओम चिमनी के निकट पहुंचे, सुनसान इलाके को देख पीछे से बाइक पर आ रहे तीन हथियारबंद युवकों ने गोलीबारी कर दी। जिससे दोनों बाइक समेत सड़क किनारे गिर गए। वहीं गोलीबारी करनेवाले मधेपुरा की ओर फरार हो गए।
अदावत किसी से भी नहीं
राजकुमार सिंह ने बताया कि उनकी अदावत किसी से भी नहीं है, ना ही उनके यामाहा शोरुम पर ही कभी कोई झंझट हुआ है। वहीं मोटर मैकेनिक के परिजनों ने भी बताया कि राजकुमार सिंह स्वभाव से काफी शांत प्रवृत्ति के हैं। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।
भू-माफियाओं के आंखों की बने हुए हैं किरकिरी
इधर, वारदात के बाद पुलिस जांच में जुटी है। सदर डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का बयान दर्ज किया जा रहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। राजकुमार सिंह के परिवार को नजदीक से जानने वाले लोग इस गोलीबारी की वजह भू-माफिया को बता रहे हैं। राजकुमार सिंह 3 भाई हैं। सबसे बड़े राजकुमार, उनसे छोटे चुन्नू सिंह सहरसा में जबकि सबसे छोटे भाई गुड्डू सिंह सुपौल में यामाहा शोरुम चलाते हैं। तीनों भाईयों ने सहरसा सहित अन्य जगहों पर कई जमीन की खरीद की है। इस वजह से वे कई भू-माफियाओं के आंखों की किरकिरी बने हुए हैं।
राजकुमार की बुआ के बेटे थे सुशांत
राजकुमार सिंह स्व. सुशांत सिंह राजपूत के ममेरे भाई हैं। उनके पिता की तीन बहनें हैं। सबसे बड़ी बहन की शादी पूर्णिया के मलडीहा गांव में हुई, जिनके पुत्र सुशांत सिंह राजपूत थे। जबकि राजकुमार सिंह का पुश्तैनी घर खगड़िया के बौरने गांव में है।

About Post Author

You may have missed