किसानों के समर्थन में महागठबंधन की मानव श्रृंखला, तेजस्वी बोले- किसानों के संघर्ष में साथ रहेंगे खड़े

पटना। केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसानों के समर्थन में महागठबंधन द्वारा महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर तीन कृषि कानून के खिलाफ मानव श्रृखंला बनाने के आह्वान पर शनिवार को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक राज्यभर में मानव श्रृंखला बनाई गई। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुद्ध स्मृति पार्क के पास मानव श्रृंखला में शामिल होते हुए कहा कि महागठबंधन के लोग किसानों के संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सदाकत आश्रम के सामने मुख्य सड़क पर करीब पांच सौ कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनायी।
इस दौरान तेजस्वी ने आरोप लगाया कि कृषि कानूनों के जरिए किसानों की जमीन पूंजीपतियों को सौंपने की तैयारी है। कहा कि बचपन से जय जवान-जय किसान का नारा सुनते आए थे लेकिन, भाजपा सरकार फंडदाताओं के लिए जवान और किसान को ही आपस में लड़वा रही है। महागठबंधन शुरूआत से किसानों के संघर्ष में साथ खड़ा है। तेजस्वी ने कहा कि सरकार यह भूल गई है कि जवान भी किसान परिवारों से ही हैं। उनमें भी आक्रोश है।
तेजस्वी ने दावा किया कि जब राजद की सरकार थी तो एमएसपी से भी अधिक दाम में फसल खरीद हुई थी। नीतीश कुमार ने 2006 में मंडी व्यवस्था खत्म की तो किसान मजदूर बन गये। अगर केंद्र के कृषि कानून लागू हुए तो किसान भिखारी बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के साथी पूछना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं। उन्हें बताना चाहिए कि तीनों कृषि कानून किसानों के हित में हैं या नहीं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने में लगी है। हम लोग एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर आवाज बुलंद करते रहेंगे।

About Post Author

You may have missed