फतुहा : थाने से शिकायत कर लौटी 25 वर्षीय महिला को ससुराल वालों ने बेरहमी से पीटकर किया हत्या, शव आंगन में छोड़कर सभी फरार

फतुहा। सोमवार की दोपहर पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के जफराबाद प्रवीण चक गांव में थाने से शिकायत कर लौटी 25 वर्षीय महिला को उसके ससुराली परिजनों ने बांस-डंडे व ईंट से चेहरा कूच कूच कर हत्या कर दी। उसके बाद शव को घर के आंगन में ही छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गये। जानकारी होते ही महिला के मायके वाले घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही डीएससी राजेश कुमार मांझी व थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। महिला की पहचान जफराबाद प्रवीण चक गांव निवासी सेवीलाल की पत्नी सोनम कुमारी तथा अबदालचक निवासी जटु सिंह के पुत्री के रुप में हुई है।
थाने से जैसे ही लौटी चाचा लोग पीटने लगे
घटनास्थल पर मौजूद मृत महिला के छह वर्षीय पुत्र विवेक कुमार ने बताया कि उसकी मां थाने से लौटकर जैसे ही घर में पहुंची तो उसके बड़े चाचा लोग गाली-गलौच करते हुए उसकी मां को बांस व डंडे से पीटने लगे। जब उसकी मां जमीन पर गिर गयी तो आरोपी लोग आंगन के नाली के पास ले जाकर ईंट से चेहरा कूच कूच कर मार डाला। पुत्र विवेक की माने तो आरोपी लोगों ने उसके साथ भी मारपीट किया और उसे लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बच गया।
डीएसपी बोले- किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा
घटना के पहले महिला सोनम कुमारी सोमवार को थाने पहुंचकर किसी अनहोनी की आशंका से प्रेरित होकर अपने पति सेवी लाल व सास आशा देवी, ससुर विनय सिंह के खिलाफ घर से मारपीट कर बाहर निकाल दिए जाने की शिकायत दर्ज करायी थी। पुलिस अभी मामले की छानबीन की शुरूआत ही करने जा रही थी, तभी घर पहुंचते ही आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। मौके पर मौजूद डीएसपी राजेश कुमार मांझी ने बताया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पति की देहांत के बाद महिला की हुई थी देवर से शादी
दरअसल, मामला यह है कि सात वर्ष पूर्व मृत महिला सोनम कुमारी का विवाह जफराबाद प्रवीण चक निवासी देवी लाल के साथ हुई थी। इस शादी से विवेक कुमार एक मात्र पुत्र था। लेकिन पांच साल पहले एक दुर्घटना में उसके पति देवी लाल का देहांत हो गया। उसके पति के देहांत के बाद पंचायत व परिजनों के सहयोग से सोनम की शादी दिवंगत देवी लाल के भाई सेवी लाल से कर दी गयी। इस शादी के बाद कुछ दिनों तक सामान्य रहा। लेकिन बाद में सेवी लाल ने गौरीचक थाना क्षेत्र की महिला से दूसरी विवाह कर लिया तथा उस महिला को घर में रखने लगा। इसके बाद से सोनम के प्रति उसके ससुराली परिजनों का रुख बदल गया तथा उसके साथ मारपीट व प्रताड़ना का दौर शुरू हो गया।
सास व जेठानी हुई थी गिरफ्तार
करीब एक साल पहले सोनम ने अपने ससुराली परिजनों के खिलाफ केरोसिन तेल छिड़ककर जान से मार दिए जाने के प्रयास का प्राथमिकी दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने उसकी सास आशा देवी व जेठानी गुड़िया देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि जमानत पर छुटकर दोनों घर आ गये थे। इसके बाद से मृत महिला सोनम के साथ प्रताड़ना का दौर और तेज हो गया था।

About Post Author

You may have missed