BIHAR : पूर्व मध्य रेल मुख्यालय में सतर्कता कार्यशाला का आयोजन

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को मुख्यालय में सतर्कता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया एवं लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एसके मिश्रा द्वारा रेलकर्मियों के मध्य सतर्कता के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित सतर्कता बुलेटिन सतर्कता संदेश के 23वें अंक का विमोचन किया गया, जिसमें केस अध्ययन, प्रणालीगत सुधार पत्र तथा सतर्कता संबंधी लेखों का संग्रह है।
इस अवसर मुख्य वक्ता के रूप में रेलवे बोर्ड के पूर्व प्रमुख कार्यपालक निदेशक (सतर्कता) सुनील माथुर ने काफी ओजपूर्ण एवं सलीके से ईमानदार जीवन शैली पर संबोधन प्रस्तुत किया एवं भ्रष्टाचार के व्यापक कुप्रभावों पर गंभीर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने केस की त्वारित निपादन हेतु बारीकियों की तकनीकी जानकारी से अवगत कराया। तत्पश्चात सभी तरह के जिज्ञासाओं एवं संदेहों को प्रश्नोत्तर के माध्यम से दूर किया गया।
महाप्रबंधक श्री शर्मा ने मुख्य वक्ता सुनील माथुर का धन्यवाद ज्ञापन करते हुआ कहा कि इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का थीम है ‘स्वतंत्र भारत@75: सत्यनिष्ठा से आत्मनिर्भरता’ जो वर्तमान में राष्ट्र की आवश्यकता को सही ढंग से प्रतिबिंबित करता है। भारतीय रेल कर्मियों की चारित्रिक सत्यनिष्ठा भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में सहायक होगी। सतर्कता जागरूकता के प्रसार से रेल कर्मियों को अपनी आत्मनिष्ठा के प्रति ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी। इसके पूर्व स्वागत संबोधन के दौरान वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी एसके मिश्रा ने जीवन शैली में ईमानदारी पर जोर देते हुए सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार को एक सामाजिक बुराई बताया।
इस अवसर पर मुख्यालय के सभी अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। इस प्रकार के आयोजन क्षेत्रीय मुख्यालय के अलावा सभी मंडलों एवं कारखानों में आयोजित किये जा रहे हैं।

About Post Author

You may have missed