विधान पार्षद डॉ रणवीर नंदन ने दिया नसीहत, राजधर्म का पालन करें गिरिराज सिंह

पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इफ्तार की तस्वीरों पर टिप्पणी का जवाब जदयू के विधान पार्षद डॉ रणबीर नंदन ने दिया है। इस संबंध में डा नंदन ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद गिरिराज सिंह की जिम्मेदारी और जवाबदेही दोनों बढ़ गई है। इसलिए उन्हें राजधर्म का पालन करते हुए सर्वधर्म समभाव को अपनाना चाहिए।

डॉ नंदन ने कहा कि गिरिराज सिंह किसी एक धर्म के मंत्री नहीं हैं। वे देश के हर नागरिक के लिए मंत्री हैं, सभी धर्म के मानने वाले सभी लोगों के मंत्री हैं। उनकी नजर में हर भारतीय, हर धर्म समान होना चाहिए। किसी प्रकार का भेदभाव की इजाजत न कोई धर्म देता है और न ही हमारा संविधान देता है।

डॉ नंदन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिले बहुमत का इस्तेमाल हमें जनता के विकास में करना है। बिहार में एक बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार बनी, उसके बाद उस जनादेश ने हमेशा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ही समर्थन किया है। ऐसा इसलिए संभव हो सका है क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए सभी धर्म समान है, हर बिहारी समान है और उनका पूरा ध्यान जनता, राज्य और देश के विकास के कार्य करने पर ही रहता है। इसलिए गिरिराज सिंह को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीख लेते हुए सर्वधर्म समभाव को अपनाते हुए राजधर्म का पालन करना चाहिए।

About Post Author

You may have missed