पटना में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल सफल, 20 मिनट पहले ही रांची पहुंची

पटना। राजधानी पटना से रांची के बीच चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का आज ट्रायल रन शुरू हो गया। रांची पहुंचने से पहले ही विवाद शुरू हो गया। भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने हजारीबाग से बरकाकाना तक ट्रेन में सफर किया। ट्रायल ट्रेन में सांसद के सफर पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पटना से सोमवार सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर यह ट्रेन रांची के लिए रवाना हो गई। इस दौरान स्टेशन पर लोगों की भीड़ दिखी। लोग ट्रेन के साथ सेल्फी लेते नजर आए। ट्रेन को दोपहर 1 बजे रांची पहुंचना था, लेकिन वह निर्धारित समय से 20 मिनट पहले ही पहुंच गई। वंदे भारत एक्सप्रेस की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ ने रांची रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी है। प्लेटफार्म पर बैरिकेडिंग कर दी है। पहले पत्रकारों तक को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था। हालांकि ट्रेन के आने के बाद उन्हें अंदर जाने दिया गया। वहीं, ट्रायल रन में सांसद के सफर पर लोग सवाल कर रहे हैं। पटना से रांची के बीच 6 स्टेशन पर वंदे भारत रुकेगी। जहानाबाद, गया, कोडरमा, बरकाकाना, हजारीबाग, मेसरा में स्टॉपेज दिया गया है। हालांकि, गया और बरकाकाना जंक्शन पर ही केवल ठहराव का समय निर्धारित किया गया है। बाकी के चार स्टेशनों पर स्टॉपेज का समय तय किया जाना है। इस ट्रेन को चलाने के लिए पहले ही लोको पायलट को स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है। ट्रायल रन में दानापुर रेल डिवीजन के टेक्निकल स्टाफ भी शामिल हुए हैं। पटना से रांची के बीच इस नई ट्रेन की नियमित शुरुआत किस दिन होगी? इसके लिए तारीख का ऐलान अभी रेलवे की तरफ से नहीं हुआ है। मगर, पटना से रांची के बीच तय किए गए रूट से इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन के ट्रायल रन के लिए दिन, तारीख और समय का ऐलान पहले ही कर दिया गया था।

About Post Author