श्रीलंका और मॉरिशस में शुरू हुई भारत की यूपीआई पेमेंट सेवा, यात्रा करने वालों को मिलेगी राहत

नई दिल्ली। भारत की यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस सेवा सोमवार से श्रीलंका और मॉरीशस में शुरू की गईं। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ ने भी हिस्सा लिया। श्रीलंका और मॉरीशस में भारतीय सेवाओं की शुरुआत दोनों देशों के साथ भारत के बढ़ते द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों की पृष्ठभूमि में हुई है। इससे श्रीलंका और मॉरीशस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के साथ ही भारत की यात्रा करने वाले इन देशों के नागरिकों के लिए यूपीआई की सेवा उपलब्ध होगी। बता दें कि इसके पहले से फ्रांस, सिंगापुर, यूएई, नेपाल और भूटान में यूपीआई पेमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारतीय उच्चायोग ने रविवार को एक बयान में कहा यूपीआई सेवाओं की शुरुआत से श्रीलंका और मॉरीशस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के साथ ही भारत की यात्रा करने वाले इन देशों के नागरिकों को सुविधा होगी। बयान में कहा गया कि भारत फिनटेक इनोवेशन और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना में अग्रणी के रूप में उभरा है। प्रधानमंत्री ने हमारे विकास अनुभवों और नवाचार को सहयोगी देशों के साथ साझा करने पर जोर दिया है। बयान के मुताबिक श्रीलंका और मॉरीशस के साथ भारत के सुदृढ़ सांस्कृतिक और आपसी संबंधों को देखते हुए, यूपीआई सेवाओं के शुभारंभ से तीव्र और निर्बाध गति से डिजिटल लेन-देन संभव होगा। इससे दोनों देशों के लोग लाभान्वित होंगे और आपसी डिजिटल संपर्क बढ़ेगा। मॉरीशस में रुपेकार्ड सेवाओं के विस्तार से वहां के बैंक भारत और मॉरीशस दोनों देशों में निपटान के लिए रुपेकार्ड के उपयोग की सुविधा दे सकेंगे। यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस एक भारतीय वित्तीय प्रणाली है जो व्यक्तिगत और व्यापारिक लेनदेन को आसान बनाने के लिए डिजाइन की गई है। इसे नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के द्वारा 2016 में इसे लॉच किया गया था। यह एक तेज, सुरक्षित और स्थायी तरीके से विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थाओं के बीच वित्तीय लेन-देन को संभालता है। यूपीआई भारत में डिजिटल वित्तीय सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसका उपयोग लोगों के बीच लेन-देन को सुरक्षित और सरल बनाने के लिए होता है। यूपीआई उपयोगकर्ताओं को अपने व्यक्तिगत और व्यापारिक खातों से अन्य उपयोगकर्ताओं के खातों में पैसे भेजने और लेन-देन करने की सुविधा प्रदान करता है। एप और डिजाइन को उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न उपयोगकर्ता अनुफानों को प्रदान करती है। यूपीआई के माध्यम से पैसे भेजना और प्राप्त करना बहुत ही तेज और सरल है। ये विभिन्न भारतीय भाषाओं में समर्थन करती है, जिससे व्यक्तिगत और व्यापारिक लेन-देन बहुत आसान होता है।

About Post Author

You may have missed