पटना में शिक्षको की हड़ताल के बाद अरविंद महिला कॉलेज की प्रिंसिपल का ट्रांसफर; छात्राओं में खुशी की लहर, खूब बंटी मिठाईयां

पटना। पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आनेवाले अरविंद महिला कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ पूनम का ट्रांसफर कर दिया गया है। दानापुर के बीएस कॉलेज के प्रोफेसर ललन कुमार को नया इंचार्ज बनाया गया है। यूनिवर्सिटी ने आदेश जारी कर दिया है जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इसे लेकर आज सुबह से ही राजेंद्र नगर में स्थित यूनिवर्सिटी के मुख्यालय सहित उसके अंदर आनेवाले सभी कॉलेजों में हड़ताल चल रहा था। डॉ पूनम पर मनमानी का आरोप लगाकर शिक्षक संघ एवं शिक्षकेत्तर कर्मी कलमबंद हड़ताल पर थे। वहीं छात्राएं भी अपनी समस्या लेकर प्रदर्शन कर रही थी। हालांकि इस फैसले के बाद अरविंद महिला कॉलेज की छात्राएं खुशी मनाती देखी जा रही हैं। हालांकि इस दौरान कॉलेज में स्नातक पार्ट-1, 2 और 3 का प्रैक्टिकल एग्जाम चल रहा है। एग्जाम का क्वेश्चन पेपर न मिलने के कारण परीक्षा देने पहुंची छात्राएं परेशान नजर आईं। इस दौरान मौके पर मौजूद छात्राओं और शिक्षकों में नोकझोंक भी हुई। इधर शिक्षकेतर कर्मचारियों और छात्राओं को जैसे ही प्राचार्य के स्थानांतरित होने की सूचना मिली, उनकी खुशी का ठिकाना ना रहा। छात्राओं के साथ कदम से कदम मिलाते हुए हड़ताल पर बैठे शिक्षकेतर कर्मचारी हिप-हिप हुर्रे करते हुए खुशी मनाते नजर आए। लोगों ने एकदूसरे को लड्डू भी खिलाया।

शिक्षक संघ एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का कहना है कि प्राचार्या अपने साथ काम करने वाले कर्मचारियों के साथ गलत तरीके से पेश आती हैं। इससे काम करने में परेशानी होती है। दावा है कि इस मामले में वीसी से भी शिकायत की गई थी। लेकिन, जब कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूरी में हमलोगों ने कलमबंद हड़ताल करने का फैसला लिया था। कर्मचारियों का कहना है कि प्राचार्या पुलिस के बल पर हमारे आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन हम डरने वालों में से नहीं हैं। जब तक विश्वविध्यालय प्रशासन प्राचार्या को नहीं हटाती है। तब तक हम लोग अपना आंदोलन जारी रखेंगे। इधर छात्राओं ने प्राचार्य पर आरोप लगाया है कि कॉलेज में पैसे लेकर सैनेटरी पैड उपलब्ध करवाया जाता है। सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के एवज में भी छात्राओं को पैसे चुकाने पड़ते हैं।

About Post Author

You may have missed