राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में आज होगी छिटपुट बारिश, तेज़ हवा से मिली गर्मी से राहत

पटना। बिहार में मॉनसून के कमजोर होने के बाद भी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत तो मिली है। लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी भी सताना शुरू कर दिया। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकतर हिस्से में तेज हवा चलने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली है। हालांकि, बिहार में बारिश की गतिविधियां बेहद कम और न के बराबर हैं। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में वज्रपात और मेघगर्जन का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर ठनका गिरने की आशंका है। वहीं, कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। बिहार में एक जून से अब तक बारिश की कमी 36 प्रतिशत तक पहुंच गई है। सूबे में बरसात की स्थिति तो बनी है लेकिन मॉनसून ट्रफ का साथ न होने से बारिश का सिस्टम अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं है। राज्यभर में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा का प्रभाव ओडिशा होते बिहार, पश्चिम बंगाल तक बना है। हवा की गति 25-30 किमी प्रतिघंटे रह रहा है। शुक्रवार को भी राज्यभर में तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
आज छिटपुट बारिश होने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक पटना, बक्सर, आरा, भभुआ, सासाराम, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, बिहारशरीफ, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा में कुछ जगहों पर वज्रपात हो सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने के भी आसार हैं। वहीं, प्रदेश के बांका जिले में 2.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री गिरावट के साथ 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 35.1 डिग्री सेल्सियस के साथ पश्चिमी चंपारण प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

About Post Author

You may have missed