खबरें फतुहा की : भाजपा ने मनाया बलिदान दिवस, उचक्कों ने 25 हजार उड़ाए, फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिवस मनाया
फतुहा। गुरुवार को पटना के फतुहा चौराहा स्थित एक परिसर में भाजपा नेत्री शोभा देवी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बलिदान दिवस मनाया गया। यह बलिदान दिवस संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के याद में मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन व्यक्त किए। इसके बाद समाज व देशहित में उनके योगदानों की चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने उन्हें प्रखर राष्ट्रवादी प्रचारक, महान अखंडता वादी सोच वाला शख्स के रुप में याद किया। मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं में अरविंद यादव, अरुण कुमार झा, अभिषेक झा, राणा राजेन्द्र पासवान, अनामिका अग्रवाल, पिंकी देवी,बेबी देवी, सुनील वर्मा, दिनेश कुमार समेत दर्जनों लोग शामिल थे।

साइकिल में टंगे झोले से उचक्कों ने 25 हजार उड़ाए
फतुहा। गुरुवार को साइकिल में टंगे एक झोले से उचक्कों द्वारा 25 हजार रुपए उड़ा लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में पीड़ित शख्स समसपुर निवासी दिलीप कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित के मुताबिक दोपहर करीब एक बजे स्थानीय चौराहा स्थित बैंक से 25 हजार रुपये निकालकर पासबुक के साथ एक झोले में रख लिया। इसके बाद झोले को साइकिल में टांगकर स्टेशन रोड फुट ओवरब्रिज के पास पहुंचे। साइकिल खड़ी कर फल दुकान से फल खरीदने लगे। जब फल खरीदकर झोले में रखने लगे तो देखा कि झोले से 25 हजार रुपए व पासबुक गायब है। शिकायत के आलोक में पुलिस छानबीन करने में जुटी है।

दो अलग मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार
फतुहा। पटना के नदी थाना पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत फरार दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी जेठुली के रघुनाथ साव व सिद्धनाथ साव है। दोनों वर्ष 2013 से फरार चल रहे थे। नदी थाना एसएचओ धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि नदी थाना के अस्तित्व में आने से पहले इस घटना को फतुहा थाना में दर्ज किया गया था, जिसे बाद में नदी थाना को हस्तांतरित कर दिया गया था। दूसरी तरफ उनके मुताबिक गोलीबारी करने के आरोप में फरार चल रहे जेठुली के ही धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

About Post Author

You may have missed