August 26, 2026

चिराग पासवान ने अपनी टीम में किया बड़ा बदलाव, सुरेंद्र विवेक को बनाया बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष

  • बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में संगठन में फेरबदल, राजू तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी
  • आठ राज्यों में आगामी चुनावों से पहले संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद, युवाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को भी जगह

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बिहार में पार्टी की कमान सुरेंद्र विवेक को सौंप दी है। अब तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे राजू तिवारी को राष्ट्रीय कार्यसमिति में महासचिव की भूमिका दी गई है। पार्टी में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब देश के कई राज्यों में आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे संगठन को चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी की ओर से जारी नई सूची में बिहार के अलावा झारखंड समेत कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था में युवाओं, महिलाओं और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सुरेंद्र विवेक को बिहार की जिम्मेदारी
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र से दो बार पार्टी के उम्मीदवार रह चुके सुरेंद्र विवेक को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वह इससे पहले पार्टी में प्रदेश प्रवक्ता और प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। बेगूसराय में उनकी पहचान सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर भी रही है। कुछ वर्ष पहले पार्टी ने उन्हें बिहार चुनाव अभियान की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। ऐसे में संगठन और चुनावी गतिविधियों में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें प्रदेश की कमान दिए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरेंद्र विवेक के सामने अब बिहार में पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करने की जिम्मेदारी होगी।
राजू तिवारी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी
बिहार के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को अब राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। प्रदेश संगठन में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में उनके अनुभव का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।
चिराग पासवान राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे
नई संगठनात्मक व्यवस्था में चिराग पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ केंद्रीय संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ ललित कुमार गौतम, हरमीत सिंह और अधिवक्ता सरदार तारा सिंह को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की जिम्मेदारी मनीषंकर पांडेय, मोहम्मद शमीम एम. हवा, वीरेंद्र प्रधान, कुंवर आसिम खान, डॉ. सत्यनंद शर्मा और डॉ. कामला कुमारी को दी गई है। अब्दुल खालिक को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मिथिलेश कुमार सिंह, राजू तिवारी, वीणा देवी, अजय कुमार, पंकज अरोड़ा, डॉ. केपी चौधरी, वीरेंद्र बिधूड़ी, डॉ. सुखातो ए. सेमा, धीरेंद्र कुमार सिन्हा ‘मुन्ना’, अशरफ अंसारी, अरविंद कुमार सिंह और सी. विद्याधरन को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है।
झारखंड में जनार्दन पासवान को कमान
पार्टी ने बिहार के साथ कई अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक बदलाव किए हैं। झारखंड की जिम्मेदारी जनार्दन पासवान को दी गई है। इसके अलावा अंडमान-निकोबार में जी. नागेंद्रन, आंध्र प्रदेश में सत्यनारायण चंदोलू, असम में अहमद अली अय्यूबी, छत्तीसगढ़ में शरत चंद पांडेय, दिल्ली में प्रणब कुमार को अस्थायी प्रभार और गुजरात में आशीष कुमार पटेल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। हरियाणा में प्रवीण सबरवाल, हिमाचल प्रदेश में नितिन चौहान, जम्मू-कश्मीर में रफीक मलिक, कर्नाटक में एम.एस. जगन्नाथ, केरल में अरुण केवी, महाराष्ट्र में प्रमोद मनोहर कुडाले और मणिपुर में खोइराम डीपू सिंह को प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। मध्य प्रदेश में अब्दुल खालिक को अस्थायी प्रभार सौंपा गया है।
बिहार के चार सांसद राष्ट्रीय कार्यकारिणी में
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बिहार के चार सांसदों को भी जगह दी गई है। इनमें जमुई के सांसद अरुण भारती, वैशाली की सांसद वीणा देवी, समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी और खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा शामिल हैं। इसके अलावा बिहार के कई विधायकों और विधान पार्षदों को भी राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। नागालैंड और झारखंड के नेताओं को भी नई कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। पार्टी का कहना है कि इससे राष्ट्रीय संगठन में अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक समूहों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा।
युवाओं और महिलाओं पर भी जोर
नई कार्यकारिणी में युवाओं, महिलाओं और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व दिए जाने पर पार्टी ने विशेष जोर दिया है। नेतृत्व का कहना है कि लगातार संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया गया है। इसके पीछे पार्टी को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाने की रणनीति मानी जा रही है।
चिराग ने कहा- पद नहीं, बड़ी जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद चिराग पासवान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संगठन में मिलने वाला कोई भी पद केवल पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। पार्टी नेतृत्व ने स्वर्गीय रामविलास पासवान की उस सोच का भी उल्लेख किया, जिसमें संगठन को समाज का दर्पण बनाने की बात कही जाती थी। आगामी चुनावों से पहले हुए इस व्यापक फेरबदल से साफ है कि लोजपा (रामविलास) संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की तैयारी में है। बिहार में सुरेंद्र विवेक को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब उनकी भूमिका पर नजर रहेगी कि वह पार्टी के आधार को कितना मजबूत कर पाते हैं और आने वाली राजनीतिक चुनौतियों के बीच कार्यकर्ताओं को किस तरह एकजुट करते हैं।

You may have missed