राज्य सरकार पंचायत चुनावों में युवाओं को दे आरक्षण : राजू दानवीर

  • राजनीतिक दलों द्वारा होता है युवाओं का इस्तेमाल, नहीं मिलती उन्हें उचित भागीदारी

पटना। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर आज जन अधिकार युवा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजू दानवीर ने बिहार में होने वाले आगामी पंचायत चुनाव में युवाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए उनके लिए आरक्षण की मांग की है। दानवीर ने कहा कि किसी भी देश और समाज का भविष्य उस देश के युवाओं पर निर्भर होता है। देश के विकास में युवा पीढ़ी का बहुत बड़ा योगदान होता है, इसलिए राज्य सरकार से मांग करते हैं कि पंचायत चुनाव में युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए। जिस तरह सरकार ने पंचायत चुनाव में दलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा व महिलाओं को आरक्षण दिया है, उसी तरह सरकार अब सभी जगह सिर्फ युवाओं को पंचायत चुनाव लड़ने का कानून बनाए। इसके लिए जन अधिकार युवा परिषद समस्त प्रदेश में आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां देश के तमाम दलों द्वारा युवा का इस्तेमाल अपने स्वार्थ साधन के लिए होता है और बाद उनके साथ धोखा होता है। न तो उन्हें उचित राजनीतिक भागीदारी मिलती है और न ही उचित सम्मान मिलता हैं, वहीं दूसरी ओर जाप युवाओं को हमेशा आगे बढ़ाने का काम करती रही है। यही वजह है कि पप्पू यादव ने बीते बिहार विधानसभा चुनाव में परिणाम की चिंता न करते हुए 90% युवाओं को टिकट दिया, जो आज तक किसी पार्टी ने इसकी हिम्मत तक नहीं दिखाई। दानवीर ने कहा कि अब युवाओं का इस्तेमाल बंद हो। उन्हें पंचायत चुनाव में भागीदारी मिले, ताकि वे देश की राजनीति के मुख्य धारा से जुड़ कर बेहतर बदलाव के भागीदार बन सकें।

You may have missed