राज्य में पछुआ हवा के कारण शुरू हुई कड़ाके की ठंड, रात में 10 डिग्री पंहुचा तापमान

पटना। बिहार में पछुआ हवा के जोर पकड़ने से दो-तीन दिनों से तापमान में गिरावट देखने को मिल रहा है। ठंडी हवाओं के प्रवाह से बांका के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। बांका का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का न्यूनतम तापमान भी 9 डिग्री सेल्सियस रहा है। दिन में तापमान 22 डिग्री के आसपास रह रहा है। रात में ये घटकर 10 डिग्री तक पहुंच जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पछुआ हवा का प्रवाह जारी है। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। दिन में धूप निकलने से शाम को तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे कनकनी का एहसास होगा। सुबह में घनी धुंध रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान का फासला बढ़ रहा है। ऐसे में सुबह-शाम ठंड का अहसास होगा। दोपहर में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार दिन के समय आसमान साफ रहता है। इसके कारण सूर्य की किरणें सीधे धरती पर आ रही होती हैं। इसकी वजह से दिन में गर्मी अभी भी बनी हुई है। वहीं रात के समय बादल नहीं होने से तापमान नीचे जा रहा है। इसका मिला-जुला असर दिन और रात के तापमान पर दिख रहा है, जहां कई जिलों में दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। वहीं रात को वह लुढ़ककर 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच आ जा रहा है। इस बढ़ती ठंड में लोगों को अपनी सेहत के प्रति सावधान रहना चाहिए। डॉक्टर अभिषेक आनंद का कहना है कि जब तापमान में तेजी से गिरावट होती है तो इसका लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। इस दौरान इम्यूनिटी भी कमजोर होने लगती है। आपका शरीर आसानी से बीमारी की चपेट में आ जाता है। वहीं उन्होंने आगे कहा कि बढ़ती ठंड में आप अपने पहनावे का ख्याल रखिए, गर्म कपड़े जरूर पहनें। कान और गले को ढक कर रखें। कोहरे और शीतलहर वाले मौसम में गर्म खाने का प्रयोग करें जैसे कि अंडे, ड्राइफ्रूट्स, अदरक का सेवन करें। इस दौरान पीने के लिए हल्का गुनगुने पानी का प्रयोग करें।

About Post Author

You may have missed