सारण में किशोर की हत्या से मची सनसनी, शव को वहीं फेंक फरार हुए अपराधी, जांच में जुटी पुलिस

सारण। बिहार के सारण जिले में अपराधी लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। छपरा में एक बार फिर से बदमाशों ने हत्या की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैल दी है। जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनसाठ गांव के पूरब में स्थित बाघाकोल चवर में एक युवक की निर्मम हत्या कर शव को फेंक दिया गया है। इसकी जानकारी लोगों को शुक्रवार की सुबह में हुई। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मृतक कोपा थाना क्षेत्र के समहौता गांव निवासी भूषण सिंह का इकलौता पुत्र आयुष कुमार बताया जाता है। उसने इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दी थी। गुरुवार की दोपहर 12:00 बजे दिन से वह घर से गायब था, जिसके बाद उसका शव शुक्रवार की सुबह में मिला है। इंटरनेट मीडिया पर फोटो की पहचान कर मृत किशोर के स्वजन दाउदपुर थाना पहुंचे हुए हैं। उसकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जाती है।

जानकारी के मुताबिक बाघाकाल चवर में शुक्रवार की सुबह में कुछ लोग शौच व अन्य कार्य के लिए गए हुए थे। इसी बीच लोगों ने एक युवक का शव देखा।उसकी हत्या बहुत ही बेरहमी से की गई थी। युवक के शरीर पर करीब एक दर्जन से अधिक चाकू व धारदार हथियार के निशान थे। इसके बाद लोगों ने तत्काल ही इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने शव की पहचान मिटाने के लिए हत्या के बाद उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया था ताकि शव की पहचान ना हो सके। इसके अलावा नुकीले हथियार से आँखों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि शव की पहचान के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि चवर में लाकर युवक की निर्मम हत्या करने के बाद बदमाश शव को वहीं फेंक कर फरार हो गए हैं।

 

 

About Post Author

You may have missed