महाप्रबंधक ने किया अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत

  • पूर्व मध्य रेल द्वारा 67वां रेल सप्ताह समारोह का आयोजन

हाजीपुर। हाजीपुर मुख्यालय प्रागंण स्थित वैशाली रेल प्रेक्षागृह में सोमवार को 67वां रेल सप्ताह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन महाप्रबंधक अनुपम शर्मा एवं पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती शर्मा के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जेकेपी सिंह सहित अन्य उच्चाधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
महाप्रबंधक द्वारा वर्ष 2021-22 में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन हेतु मंडलों को दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड सहित कुल 59 शील्ड व ट्रॉफी प्रदान किया गया। इसके साथ ही विशिष्ट एवं उत्कृष्ट सेवा के लिये मुख्यालय एवं मंडलों में कार्यरत विभिन्न विभागों के 25 अधिकारियों एवं 161 कर्मचारियों सहित कुल 186 रेलकर्मियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।


इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि भारतीय रेल को देश की जीवन रेखा होने का गौरव प्राप्त है । 16 अप्रैल 1853 को यात्रा प्रारंभ कर अब तक भारतीय रेल 65 हजार किलोमीटर से भी अधिक रेलवे लाईनों के तंत्र ने न केवल देश को एक सूत्र में पिरोया, वरन आर्थिक और सामाजिक उन्नति में भी इसकी प्रमुख भूमिका रही है। भारतीय रेल के शुभारंभ के उन्हीं ऐतिहासिक अवसर को याद करते हुए हर वर्ष अप्रैल माह में रेल सप्ताह समारोह मनाने की परंपरा है। इसी क्रम में आज पूर्व मध्य रेल 67वां रेल सप्ताह समारोह मना रहा है। भारतीय रेल के प्रगति में हमारे रेलकर्मियों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके इस योगदान के मद्देनजर उनके उत्साहवर्द्धन हेतु रेलकर्मियों को आज पुरस्कृत किया जा रहा है।
महाप्रबंधक ने कहा कि यह हर्ष की बात है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 पूर्व मध्य रेल के लिए रिकॉर्ड ब्रेकिंग वर्ष रहा है। 167 मिलियन टन पर हमारी लोडिंग अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंची है एवं भारतीय रेल के समस्त क्षेत्रीय रेलों में हम माल लदान के क्षेत्र में चौथे स्थान पर हैं। इसके साथ ही पूर्व मध्य रेल ने माल ढ़ुलाई से तीसरा सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाला क्षेत्रीय रेल बनने का गौरव हासिल किया है। हमारी आय पिछले सभी रिकॉर्ड को पार करता हुआ 22 हजार 282 करोड़ रुपए रही। इसमें यात्री आय से 02 हजार 520 करोड़ रूपए तथा माल ढुलाई से 19 हजार 327 करोड़ रूपए प्राप्त हुए। यह हमारे लिए अत्यंत ही गर्व का विषय है कि 2021-22 में धनबाद मंडल ने सभी मंडलों में लदान से प्राप्त राजस्व में रिकॉर्ड कायम करते हुए भारतीय रेल में प्रथम स्थान हासिल किया है।
प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जेकेपी सिंह ने सभी रेल कर्मचारी एवं रेल अधिकारियोें का स्वागत करते हुए रेलकर्मियों के लिए इसे काफी महत्वपूर्ण दिन बताया। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के कलाकारों द्वारा स्वागत गान, लोकगीत, भावपूर्ण नृत्य इत्यादि प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सराहना की गयी।
समग्र क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य दक्षता के लिए 2021-22 का महाप्रबंधक सर्वांगीण दक्षता शील्ड धनबाद मंडल को जबकि रनर्स-अप कप पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल को मिला। पूर्व मध्य रेल में सफाई अभियान के लिए बड़े स्टेशनों की श्रेणी में धनबाद को, मध्यम श्रेणी के स्टेशनों में मधुबनी को तथा छोटे स्टेशनों की श्रेणी में राजगीर स्टेशन को स्वच्छता शील्ड प्रदान किया गया। जनशिकायत निवारण में श्रेष्ठ प्रदर्शन से संबंधित शील्ड धनबाद मंडल को दिया गया। इसी क्रम में प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन हेतु पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल को जनसंपर्क शील्ड प्रदान किया गया।

About Post Author

You may have missed