सीएम नीतीश को बिना विश्वास में लिए केन्द्रीय मंत्री बने थे आरसीपी : अशोक चौधरी

पटना। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में शुक्रवार को बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक कुमार चौधरी ने प्रदेश के कोने कोने से आए लोगों की समस्याओं को सुना तथा उसका त्वरित निवारण किया, साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिया।
आरसीपी ने अपना खुलासा स्वयं कर लिया
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि आरसीपी सिंह का यह कहना कि वे प्रधानमंत्री की कृपा से केन्द्रीय मंत्री बने थे, इस बात का प्रमाण है कि वो मुख्यमंत्री को बिना विश्वास में लिए केन्द्रीय मंत्री बने थे। उन्होंने तो अपना खुलासा स्वयं कर लिया है और बहुत सारे सवालों का जवाब भी इसी से मिल गया है। आरसीपी सिंह के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आगे कहा कि यह बात सबको पता है कि आरसीपी सिंह की राजनीति में क्या भूमिका रही है? उन्होंने किसी भी पार्टी में कार्यकर्ता के रूप में कितना कार्य किया है? मुख्यमंत्री की कृपा से उन्हें क्या कुछ नहीं मिला है? जदयू से उन्हें क्या कुछ नहीं मिला? वे पार्टी की ओर से दो-दो बार राज्यसभा भेजे गए, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए।
जल्द स्वस्थ होकर बिहार लौटें लालू
वहीं राजद सुप्रीमो लालू यादव के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बहुत सारी चीजें राजनीति से उपर होती हैं। लालू प्रसाद लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके स्वास्थ्य की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित अन्य तमाम नेताओं ने लिया है। हम सभी चाहते हैं कि वे जल्द ही स्वस्थ होकर बिहार लौटें।
सभी के धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखें
फिल्म काली के पोस्टर विवाद पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सभी धर्म संप्रदाय के लोग रहते हैं, हम सबको सभी के धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखना चाहिए। हम इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। फिल्म का निर्माण व्यवसाय से जुड़ा हुआ होता है, परंतु इसका यह अर्थ नहीं की हम कुछ भी करें। उक्त अवसर पर मुख्यालय उपाध्यक्ष डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी, मुख्यालय सचिव श्री वासुदेव कुशवाहा मौजूद रहे।

About Post Author

You may have missed