रक्षाबंधन पर सीएम नीतीश ने राजधानी वाटिका में पेड़ को बांधा रक्षासूत्र, किया वृक्षारोपण

  • मुंबई में विपक्षी बैठक में जाने से पूर्व कार्यक्रम में हुए शामिल, रक्षाबंधन पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्यार और स्नेह का त्योहार है। आज के दिन हमें महिलाओं के सशक्तिकरण का संकल्प लेना चाहिए। रक्षाबंधन का त्योहार आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, इस मौके पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी देशवासियों को बधाई दी है। वही इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजधानी वाटिका में वृक्ष का वृक्षारोपण किया और लोगों को अधिक से अधिक पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश भी दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 अगस्त 2012 को रक्षा-बंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने “बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस” का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य है कि पर्यावरण के प्रति लोग जागरूक हों, पौधों को संरक्षित करें और अधिक-से-अधिक वृक्षारोपण करें। जलवायु परिवर्तन से पृथ्वी पर हो रहे नुकसान को कम करने के लिए वृक्षारोपण करना एवं इन्हें बचाना अतिआवश्यक है। जल-जीवन-हरियाली एवं अन्य योजनाओं के अन्तर्गत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। राज्य में इको टूरिज्म को भी बढ़ावा देने की दिशा में भी तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं एवं प्रयासों से राज्य के लोग पर्यावरण एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण तथा वृक्षारोपण के प्रति जागरूक हो रहे है। खास कर इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आज के दिन हम सभी को महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके सशक्तिकरण का संकल्प लेना चाहिए। वही आज ही सीएम नीतीश कुमार मुंबई में होने वाली विपक्षी एकता की बैठक में शामिल होने के लिए पटना से रवाना होंगे। मुंबई जाने से पहले उन्होंने पटना के ईको पार्क जाकर राजधानी वाटिका के पीपल के पेड़ में राखी बांधी और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। इस मौके पर उनके साथ वित्त, वाणिज्य कर संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन सह सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, विधान पार्षद संजय सिंह, पूर्व विधान पार्षद रामचन्द्र भारती, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की सचिव श्रीमती वंदना प्रेयसी, पटना प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह, बिहार राज्य खाद्य आयोग के पूर्व सदस्य नंदकिशोर कुशवाहा, जदयू नेता ओम प्रकाश सेतु सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed