आईपीएल के फाइनल पर बारिश का साया, रद्द होने पर रिजर्व-डे पर मैच, रिजल्ट ना होने पर पंजाब को मिलेगी टॉफी
अहमदाबाद। आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला आज यानी 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच होगा। मुकाबले की शुरुआत शाम 7:30 बजे से होगी। इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, लेकिन इस बहुप्रतीक्षित फाइनल पर मौसम का साया गहराता नजर आ रहा है।
बारिश बनी सबसे बड़ी चिंता
हाल ही में इसी मैदान पर खेले गए क्वालीफायर-2 में भी बारिश ने खलल डाला था। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए इस मुकाबले में टॉस के तुरंत बाद बारिश शुरू हो गई थी, जिसके कारण मैच की शुरुआत रात 9:45 बजे हुई। उस मैच के लिए रिजर्व डे नहीं था, लेकिन फाइनल के लिए आयोजकों ने पहले से ही अतिरिक्त तैयारियां कर रखी हैं।
मौसम पूर्वानुमान ने बढ़ाई चिंता
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिन में हल्की बारिश के आसार हैं। शाम तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। खासकर शाम 5 से 6 बजे के बीच बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे मैदान गीला हो सकता है और मैच के समय पर असर पड़ सकता है। हालांकि इसके बाद मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन अहमदाबाद का मौसम कई बार अचानक बदल जाता है।
फाइनल के लिए विशेष इंतजाम
आईपीएल के नॉकआउट मुकाबलों की तरह इस फाइनल मुकाबले के लिए भी 120 मिनट का अतिरिक्त समय रखा गया है, ताकि बारिश के कारण यदि खेल रुके तो उसे पूरा किया जा सके। इसके अलावा आयोजकों ने इस बार फाइनल के लिए 4 जून को रिजर्व डे भी तय किया है। यानी यदि 3 जून को मुकाबला नहीं हो सका, तो अगले दिन यह मैच दोबारा खेला जाएगा। इस व्यवस्था को लेकर फैंस में कुछ राहत है।
आईपीएल 2023 की तरह दोहराई जा सकती है स्थिति
याद दिला दें कि आईपीएल 2023 का फाइनल भी अहमदाबाद में ही खेला गया था, और तब भी बारिश के कारण मैच रिजर्व डे पर खेला गया था। उस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर पांचवीं बार खिताब जीता था। इस बार भी ऐसी ही परिस्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।
अगर रिजर्व डे पर भी न हो सका मैच
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर 4 जून को भी बारिश की वजह से फाइनल पूरा नहीं हो सका और कोई नतीजा नहीं निकला, तो विजेता कौन घोषित किया जाएगा? इसका जवाब आयोजकों ने पहले ही तय कर रखा है। ऐसी स्थिति में लीग चरण में पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम को विजेता माना जाएगा।
पंजाब किंग्स को ट्रॉफी मिलने की संभावना
यदि मुकाबला रद्द होता है और कोई परिणाम नहीं निकलता है, तो पंजाब किंग्स को आईपीएल 2025 की ट्रॉफी मिलेगी। इसका कारण यह है कि पंजाब ने लीग चरण में 14 मैचों में से 9 जीतकर 19 अंक हासिल किए थे। उनके पास बेंगलुरु के बराबर अंक थे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण पंजाब शीर्ष स्थान पर रही। वहीं, बेंगलुरु दूसरे नंबर पर था। आईपीएल 2025 का फाइनल भले ही रोमांच से भरा हो, लेकिन बारिश ने इस पर अनिश्चितता की परछाई डाल दी है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि मुकाबला बिना किसी बाधा के पूरा हो, लेकिन यदि प्रकृति ने साथ नहीं दिया, तो पंजाब किंग्स पहली बार आईपीएल चैंपियन बन सकती है। अब देखना है कि किस्मत किस टीम का साथ देती है – मैदान पर या मौसम के सहारे।


