राज्य के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी, पटना में उमस भरी गर्मी ने बढ़ाई परेशानी

पटना। बिहार में आज गुरुवार को पटना, गया,नवादा समेत 19 जिलों में हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। आरा,गया में सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई है। हालांकि मानसून के कमजोर होने से बारिश की कमी बनी हुई है। बिहार में बारिश की कमी का ग्राफ बढ़कर 28 प्रतिशत तक पहुंच गया है। 13 सितंबर तक राज्य में 875.4 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन मात्र 631.9 एमएम बारिश हुई है। मौसम विभाग केंद्र पटना के अनुसार मानसून ट्रफ रेखा जैसलमेर, शिवपुरी, रांची, दीघा होते हुए दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक प्रभावी है। चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास बना हुआ है, जिसके कारण से आज दक्षिणी बिहार के जिलों में वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बादलों की आवाजाही से कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है।
उमस भरी गर्मी से बढ़ेगी परेशानी
पटना में आज हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से सुबह से ही कड़ी धूप निकल रही है। उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान कर रही है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कल यानी 15 सितंबर से कुछ इलाकों में मानसून के फिर से एक्टिव होने की संभावना है। इस दौरान पटना, जहानाबाद, बेगूसराय, लखीसराय, नालंदा, नवादा, आरा, गया, बक्सर, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद जिले में बारिश की संभावना है।

About Post Author

You may have missed