पूर्णिया में गर्भवती की गोली मारकर हत्या, पिता ने दामाद पर लगाया आरोप

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया में गर्भवती महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। जलालगढ़ थाना क्षेत्र के सौतारी चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि घटना के समय उसका पति और बच्चे भी उसके साथ थे। मृतका की पहचान पिंकी यादव के रूप में हुई है, जो पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र के रामबाग की रहने वाली थी। मृतका तीन माह की गर्भवती भी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। मृतका के परिजनों ने अपने दामाद ललन यादव और देवर प्रदीप यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पिंकी अपने पति और दो बच्चों के साथ दुर्गा पूजा के अवसर पर अपने मायके अररिया जिला के काली बाजार वार्ड नंबर 14 आॅटो से जा रही थी। इसी दौरान उसके पति और देवर ने मिलकर घटना को अंजाम दिया और घटना को आपराधिक बताने का प्रयास किया गया है। मृतिका के पिता रामानंद यादव ने बताया कि पिंकी तीन माह की गर्भवती थी।उसके दो बच्चे भी हैं। वो फैशन डिजाइनर का काम करती थी। पति ललन की नजर पिंकी की कमाई पर रहती थी, जिसका वह विरोध करती थी। इस बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद रहता था। पिंकी ने अपने नाम अच्छी खासी जमीन खरीद रखी थी। इसी वजह से उसके पति ने अपने भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। मृतका के पिता ने अपने दामाद और उसके भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

About Post Author

You may have missed