बक्सर में पुलिस ने यूपी बॉर्डर से जाली नोटों की बड़ी खेप की बरामद, तस्करों के लिए छापेमारी जारी

बक्सर। जाली नोटों की बड़ी खेप के साथ UP के बलिया से बिहार के बक्सर की सीमा में प्रवेश करते हुए तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को यह सफलता चक्की OP थाना क्षेत्र अंतर्गत दियारा इलाका में सोमवार की शाम में मिली है। हालांकि,इस मामले में तस्करों के नाम और बरामद जाली नोटों की संख्या गुप्त रख पुलिस जांच में जुटी हुई है। वहीं, SP नीरज कुमार सिंह ने इस मामले में पूछे जाने पर जाली नोटों की बड़ी खेप पकड़े जाने की पुष्टि की है तथा मंगलवार को प्रेसवार्ता में विस्तृत जानकारी देने की बात कही है। पिछले दिनों झारखंड के नक्सलियों को लग्जरी गाड़ी सहित UP से बक्सर की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था इसके अलावा शराब माफियाओं के विरुद्ध लगातार हो रही कार्यवाहियों के बीच आज बक्सर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है उनके निशानदेही पर पुलिस अभी कई और लोगों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

सूत्रों के हवाले से जो खबर आई है वो यह है कि बक्सर SP नीरज कुमार सिंह को इस बात की भनक पहले ही मिल गई थी कि तस्कर UP से बिहार में जाली नोटों की बड़ी खेप की सप्लाई करने की तैयारी में हैं। इसे देखते हुए बक्सर पुलिस की टीम को यूपी सीमा के आसपास 48 घंटे पहले से ही डेरा डाल चुकी थी। साथ ही बॉर्डर इलाकों में सभी थानेदारों को एलर्ट किया गया था। तस्कर बक्सर के डुमरांव अनुमंडल के चक्की ओपी के दियारा इलाके से बिहार की सीमा में प्रवेश कर गए। पहले से अलर्ट पुलिस कर्मियों ने उन्हें बिहार की सीमा में प्रवेश करते ही गिरफ्तार कर लिया।

बक्सर SP ने बताया कि तस्कर बिहार में जाली नोटों की एक बड़ी खेप सप्लाई करने के फिराक में थे तभी बक्सर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उन्होंने आशंका जताई कि UP में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर जाली नोटों वाले तस्कर सक्रिय हैं। नोट की बहुत बड़ी खेप UP बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में सप्लाई करने के फिराक में हैं। हालांकि, SP ने नोटों की संख्या व पकड़े गए तस्करों के बारे में पूरी जानकारी देने से माना किया है। इसकी जानकारी वह दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में देने की बात कही है।

About Post Author

You may have missed