संविधान बदलने पर पीएम का विपक्षियों को जवाब, कहा- मोदी क्या आज बाबा साहब भी संविधान नहीं बदल सकते

  • लालू के भ्रष्टाचार और जंगलराज ने बिहार को बर्बाद किया, अब आगे ऐसा नहीं होने देंगे
  • गया की जनसभा में प्रधानमंत्री ने भरी हुंकार: लालटेन का नाम लेकर लालू पर किया जोरदार हमला

गया/पटना। बिहार में लोकसभा के चुनाव प्रचार के लिए मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार करने तीसरी बार बिहार पहुंचे। उन्होंने मंगलवार को गया में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के लिए चुनावी सभा की। इस जनसभा में प्रधानमंत्री ने मांझी के लिए लोगों से वोट मांगा। इसके साथ-साथ पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से बिहार में आकर बिहार की बदहाली के लिए लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल पर जमकर हमला किया। बता दे की प्रधानमंत्री की जनसभा में उन्होंने आरजेडी, कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा।
ये लालटेन के लोग आपको आधुनिक युग में नहीं जाने देंगे
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में जंगलराज का चेहरा आरजेडी है। चारा चोरी की है गरीबों को लूटा हैं, अदालत ने मुहर लगा दी है। आरजेडी ने दो ही चीजें दी-जंगलराज और भ्रष्टाचार। ये लालटेन के लोग आपको आधुनिक युग में नहीं जाने देंगे। साथ ही कहा कि आरजेडी और कांग्रेस ने दलित-पिछड़ों को सिर्फ छला है। उनके नाम पर अपना स्वार्थ साधा है। इन्हें भगवान राम से परेशानी है। संविधान बदलने के नाम पर लोगों को डराते हैं। जबकि हमारी संविधान में आस्था है। ऐसे लोग एक भी सीट जीतने के लायक नहीं हैं। हालांकि, भाषण की शुरुआत के 15 मिनट में उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियां बताई।
पीएम बोले- बाबा साहेब अंबेडकर भी संविधान को नहीं बदल सकते
संविधान बदलने के विपक्ष के सवाल पर मोदी ने कहा कि ये लोग कहते हैं संविधान बदल देंगे लेकिन मोदी तो क्या बाबा साहब अंबेडकर भी संविधान को नहीं बदल सकते है। संविधान बदलने के नाम पर डराते हैं। ये लोग संविधान का राजनीतिक करण कर रहे हैं। संविधान सभा में 90 फीसदी सनातनी थे, जिन्होंने बाबा साहेब का साथ दिया। हमारे लिए संविधान आस्था का केंद्र है। अगर सामाजिक न्याय करने की ताक़त हैं तो वो संविधान में है। बाबा साहेब अंबेडकर को स्थान जो हमनें दिया हैं वो किसी ने नहीं दिया।
लालटेन से मोबाइल चार्ज नहीं हो सकता
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोग और बिहार के युवा कभी जंगलराज के साथ नहीं जाएंगे। लालटेन से मोबाइल चार्ज हो सकता है क्या? आरजेडी का राज होता तो अपने मोबाइल की बैटरी भी चार्ज नहीं हो पाती थी। ये लालटेन के लोग आपको आधुनिक युग में नहीं जाने देंगे।
बिहार में जंगलराज का चेहरा आरजेडी
पीएम मोदी ने लालू परिवार और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज का चेहरा आरजेडी है। कोर्ट ने भी चारा चोरी का मुहर लगा दिया है। आरजेडी ने दो ही चीजें दी-जंगलराज और भ्रष्टाचार। आरजेडी के शासन में लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे। आरजेडी ने बड़ी संख्या में बिहार के लोगों को बाहर जाने पर मजबूर कर दिया।
इंडी गठबंधन वाले एक भी सीट जीतने के लायक नहीं
पीएम ने आगे कहा कि आप ही बताइए, क्या ऐसे लोग एक भी सीट जीतने के लायक हैं क्या। इनको सजा मिलनी चाहिए एक एक को साफ़ करना चाहिए। बिहार में ये वोट भी नीतीश जी के कामों पर, केंद्र के कामों पर मांगते हैं। इनके पास कोई विज़न नहीं हैं। ये लोग नीतीश जी के काम का और केंद्र सरकार के कामों का क्रेडिट लेना जानते है। आरजेडी इतने साल रही लेकिन इनकी हिम्मत नहीं हैं कि ये अपने कार्यकाल की कार्यों की चर्चा करे।
विपक्ष का भगवान राम से परेशानी है
घमंडिया गठबंधन के लोगों को भगवान राम से भी परेशानी है। राममंदिर को लेकर क्या-क्या बोलते हैं। इन लोगों ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया। ये हमारी संस्कृति नहीं है। ये हमारी परंपरा नहीं है। कांग्रेस के राजकुमार तो कहते है कि सनातन की शक्ति का विनाश कर देंगे। इनके साथी हमारे सनातन को डेंगू-मलेरिया कहते हैं। क्या ये सनातन का अपमान नहीं है।
ये ट्रेलर है देश के लिए बहुत कुछ करना है
गया में पीएम ने कहा कि हमारा काम अभी ट्रेलर है देश के लिए बहुत कुछ करना है। बिहार के लिए बहुत कुछ करना है। पीएम मोदी ने गया को 12 धरोहरों में से एक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार इन सभी स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गया में जैसे पितृ गया हैं, वैसे ही गुजरात में पितृ गया है। भारत अपने विरासतों को वर्ल्ड हेरिटेज में लेकर जाएगा। गया के स्टेशन को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
आरजेडी ने दलितों के नाम पर अपना स्वार्थ साधा
मोदी को ये पद देश के संविधान ने दिया है। देश में विभिन्न जीवन शैलियां हैं। आपके सेवक मोदी ने 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी से बाहर निकाला है। 4 करोड़ लोगों को पक्के मकान दिया एनडीए ने। दलित पिछड़ा के नाम पर आरजेडी-कांग्रेस ने सिर्फ अपना राजनीतिक स्वार्थ साधा है। दलित पिछड़ों को सम्मानपूर्ण जीवन सिर्फ एनडीए ने दिया है।
ये चुनाव विकसित भारत-बिहार के संकल्प का चुनाव है
दो दिन पहले बीजेपी ने संकल्प पत्र जारी किया है। ऐसा पहली बार है जब किसी के घोषणा पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है। क्योंकि 10 वर्षों में सबने देखा है, मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी। मोदी गरीब घर से निकलकर आपके आशीर्वाद से यहां तक पहुंचा है। आज 5 रैलियां करनी है। असम तक पहुंचना है। ज्ञानस्थली, बौद्ध की ज्ञान भूमि को प्रणाम करता हूं। आज नवरात्री भी है और सम्राट अशोक की जयंती भी है। सदियों बाद एकबार फिर भारत और बिहार अपने प्राचीन गौरव को लौटाने के लिए आगे बढ़ रहा है। ये चुनाव विकसित भारत-बिहार के संकल्प का चुनाव है। आपका ये उत्साह साफ बता रहा है-फिर एक बार मोदी सरकार। पीएम की जनसभा में मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस, जीतनराम मांझी, संतोष मांझी, विजय सिन्हा मौजूद है। बता दें कि सीट शेयरिंग में एक भी सीट नहीं मिलने के बाद ये पहला मौका है जब पशुपति पारस बिहार में पीएम की जन सभा में पहुंचे।

About Post Author

You may have missed