September 13, 2026

जमुई से पीएम का विपक्ष पर वार, बोले- यह चुनावी रैली नहीं बल्कि विजय रैली, आपलोग 40 सीट दीजिये

  • पीएम बोले- नौकरी के नाम पर जमीन लिखवा लेने वाले कभी भी बिहार का भला नही करेंगे, इनको सबक सिखाना है
  • आरजेडी-कांग्रेस ने राम मंदिर का उपहास उड़ाया, सभी भ्रष्टाचारी आज एक होकर बोल रहे हैं

जमुई/पटना। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जमुई के खैरा में सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लालू के जंगलराज, भ्रष्टाचार और इंडी अलायंस पर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि पहले आतंकी हमारे ऊपर हमला कर के चले जाते थे। कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी। हमने कहा ऐसे नहीं चलेगा। आज का भारत घर में घुसकर मारता है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये चुनावी सभा है या विजय सभा है। उन्होंने चिराग पासवान और जमुई से कैंडिडेट उनके बहनोई को अपना भाई बताया। पीएम ने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने देश का नाम खराब किया है। सभा को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नरेंद्र मोदी फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने भी लालू सरकार के जंगलराज की याद दिलाई। कहा- पहले हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था। अब सब कंट्रोल में है। इन लोगों को ले आएंगे तो ये फिर से यही सब करवाएंगे। पीएम मोदी और सीएम नीतीश 32 दिन बाद फिर एक साथ एक मंच पर हैं। इससे पहले औरंगाबाद में दोनों एक मंच पर नजर आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमुई में भारत माता की जय के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह भगवान महावीर की धरती है। सभा में जो हुजूम आया है, उससे यह लग रहा है कि यह चुनावी रैली नहीं बल्कि विजय रैली है। उन्होंने लोगों से बिहार की सभी 40 सीटें एनडीए को देने की अपील की।
पीएम बोले- आज का भारत घर में घुसकर मारता है
पीएम मोदी ने आतंकवाद पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले आतंकी हमारे ऊपर हमला कर के चले जाते थे। कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी। हमने कहा ऐसे नहीं चलेगा। भारत वही महान पाटलिपुत्र और मगध वाला भारत है। आज का भारत घर में घुसकर मारता है।
नौकरी के नाम पर जमीन लिखवा लेने वाले कभी भी बिहार का भला नही करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के जमुई में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग नौकरी के नाम पर जमीन लिखवा लें वो क्या बिहार का भला करेंगे। पीएम मोदी ने अपने भाषण में दिवंगत रामविलास पासवान को याद किया। उन्होंने रामविलास के बेटे चिराग को अपना छोटा भाई बताया। इससे पहले सीएम नीतीश ने अपने भाषण में ए्क बार फिर कहा कि वे एनडीए छोड़कर नहीं जाएंगे। बीच में चले गए थे, अब इधर-उधर नहीं होंगे। सम्राट चौधरी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार ने बालू, शराब और जमीन माफिया को टाइट कर दिया है। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद पीएम की बिहार में यह पहली जनसभा है। पीएम मोदी गुरुवार को बिहार में बीजेपी और एनडीए के चुनाव प्रचार का शंखनाद कर रहे हैं। इस दौरान वे परिवारवाद एवं जंगलराज जैसे मुद्दों पर आरजेडी और कांग्रेस को घेर सकते हैं। जमुई लोकसभा सीट से लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती एनडीए के उम्मीदवार हैं। पीएम उनके पक्ष में प्रचार करने जमुई आए हैं।
आरजेडी-कांग्रेस ने राम मंदिर का उपहास उड़ाया, पीएम मोदी का विपक्ष पर वार
पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी के जंगलराज में बेटियों को सड़कों से उठा लिया जाता था। हमारी सरकार ने राम मंदिर का 500 साल पुराना सपना साकार किया। आरजेडी कांग्रेस ने राम मंदिर न बने, इसके लिए पूरी ताकत लगा दी। ये लोग राम मंदिर का उपहास उड़ाते हैं, अपमान करते हैं। इन लोगों ने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया। कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया। हमारी सरकार ने जब कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया तो इन लोगों ने विरोध किया। इन्होंने रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति बनाने का विरोध किया। आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति नहीं बनाने के लिए पूरी ताकत इन्होंने लगा दी थी।
सभी भ्रष्टाचारी आज एक होकर बोल रहे हैं
भ्रष्टाचार पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अगर आज ‘घमंडिया गठबंधन’ की सरकार होती तो आपके खाते में सीधा पैसा नहीं आ पाता। आरजेडी और कांग्रेस के लोग आपके सारे पैसे लूट लेते। देश के सभी भ्रष्टाचारी हमेशा एक-दूसरे से लड़ते थे, वो सब एक हो गए हैं। सब कह रहे हैं मोदी आया है। इसलिए वे मोदी के खिलाफ अनाप-शनाप बोल रहे हैं।
गरीब कल्याण ही मोदी की गारंटी – पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से कहा कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है। बिहार को आगे ले जाना मोदी की गारंटी है। इसलिए केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसके प्रयास से बिहार में गरीबों को 37 लाख पक्के घर मिले। 9 करोड़ जरुरतमंदों को मुफ्त राशन मिल रहा है, मोदी की गारंटी है अगले पांच साल भी मिलता रहेगा। 84 लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड भी बिहार में बने हैं, लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
जंगलराज में जमुई की पहचान नक्सलवाद से होती थी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के काले दौर में जमुई की पहचान नक्सलवाद से होती थी। जंगलराज में सरकार की योजनाएं यहां नहीं पहुंचने दी जाती थी। नक्सली यहां सड़कें नहीं बनने देते थे। इसका नुकसान यहां के गरीब मजदूरों और किसानों को होता था। आज वही जमुई विकास के हाइवे पर तेज रफ्तार पकड़ रहा है।
भारत की चर्चा अब पूरी दुनिया में होती है
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। चंद्रमा के उस कोने तक कोई नहीं पहुंचा था, वहां हमारा चंद्रयान और तिरंगा पहुंचा है। भारत जब जी20 की बैठक करता है तो उसकी चर्चा पूरे विश्व में होती है। यह मोदी ने नहीं, ये आपने किया है। आपके एक वोट से यह सब हो पाया है। यही आपके वोट की ताकत है। इसलिए इस सफलता की हकदार जनता है।
कांग्रेस राज में भारत कमजोर और गरीब देश था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 10 साल पहले दुनिया में भारत को लेकर क्या राय होती थी, आप सब जानते हैं। कांग्रेस राज में भारत को गरीब और कमजोर देश माना जाता था। आज जो आटे के लिए तरस रहे हैं (पाकिस्तान) उनके आतंकी हमारे यहां हमले करते थे। कांग्रेस सरकार दूसरे देशों के पास इसकी शिकायत लेकर जाती थी। मगर मोदी ने कहा कि ऐसे नहीं चलेगा।

You may have missed