September 28, 2026

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी ने बिजली के मुद्दे पर किया प्रदर्शन, वेल में आकर किया हंगामा

पटना। बिहार विधानसभा में लगातार आज भी बिजली की दरों में बढ़ोतरी का मुद्दा गूंजा। बीजेपी विधायकों ने पहले विधानसभा के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद सदन में भी विधायकों ने बिजली दरों का मुद्दा उठाया। बीजेपी विधायकों ने सरकार से बिजली दरों को बढ़ाने का फैसला वापस लेने की मांग की। इसके साथ ही किसानों को मुआवजा देने की मांग को लेकर भी बिहार विधानसभा के बाहर प्रदर्शन हुआ। सोमवार को भी विपक्ष ने बिजली बिल को लेकर जमकर हंगामा किया था। बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर बीजेपी ने विधानसभा के अंदर और बाहर हंगामा किया था। वहीं, राहुल गांधी की सदस्यता खत्म होने के बाद कांग्रेस के विधायकों ने भी हंगामा किया। यहां तक कि सत्तारूढ़ दल होने के बावजूद कांग्रेस के विधायक विधानसभा के वेल में आकर प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन और आंदोलन कर रही है। वहीं बीजेपी विधानसभा के अंदर राज्य सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी विधायक के पूरक सवालों में फंसी परिवहन मंत्री, विजय चौधरी ने किया बचाव
बिहार विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान परिवहन मंत्री शीला कुमारी फिर से फंस गईं। बचाव में संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी को उतरना पड़ा, तब जाकर मंत्री मुश्किल से निकल पाईं। भाजपा विधायक संजय सरावगी के सारथी-4 से जुड़े सवाल पर परिवहन मंत्री फंसी थी। भाजपा विधायक के पूरक सवालों का जब मंत्री शीला कुमारी पूर्ण जवाब नहीं दे पाईं तो विजय चौधरी ने खड़े होकर बचाव किया। दरअसल, भाजपा विधायक संजय सरावगी ने सवाल पूछा था कि परिवहन विभाग से जुड़ी कई योजनाओं को ऑनलाईन लागू किया गया है। ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लगे। ऑनलाईन माध्यम से ही ड्राईविंग लाईसेंस लेकर 18 अन्य सुविधाएं प्रदान करनी है। लेकिन बिहार में आज भी सारथी-4 योजना का लाभ आम लोगों को नहीं मिल रहा। परिवहन मंत्री ने संजय सरावगी के सवाल का जवाब दिया लेकिन वे पूरक पर पूरक पूछते जा रहे थे। परिवहन मंत्री को फंसते देख संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी खड़े हो गए। कहा कि बिहार में सारथी-4 लागू है। ऐसा नहीं दूसरे राज्य में लागू है और बिहार में नहीं है। परिवहन मंत्री ने पूरी बात बता दी है। फिर अगर आपका कोई सलाह है तो उसे दें, सरकार उसे स्वीकार करेगी।

You may have missed