जून के महीने में गर्मी से लोग बेहाल : 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 48 घंटों तक नही मिलेगी राहत

पटना। प्रदेश में तेज धूप के कारण एक तरफ जहां दक्षिण बिहार तप रहा है, वहीं उत्तर बिहार में बारिश हो रही है। राज्य का अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार है। वही मौसम विभाग के अनुसार बारिश के लिए उत्तर प्रदेश और झारखंड का सिस्टम एक्टिव हो गया है। हालांकि पटना से लेकर राज्य के लगभग 20 जिलों में सुबह तेज हवा के कारण गर्मी से थोड़ी राहत देखी गई है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले 48 घंटे में राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। इस बीच पूर्णिया सहित 8 जिलों में बारिश की चेतावनी दी है।
24 घंटे में हुई बारिश, पर गर्मी से राहत नहीं
मौसम विभाग ने कहा हैं की 24 घंटे के दौरान राज्य के उत्तर पूर्व भागों के डेंगरा घाट, किशनगंज, अमौर, चरघटिया और अररिया में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। राज्य के उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य और दक्षिण मध्य में एक दो स्थानों पर एवं उत्तर पूर्व भागों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की गई है। वही बीते 24 घंटे के दौरान हुई बारिश से राज्य के अधिकतम तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। बिहार में औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग की माने तो मंगलवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार ही होगा।
अगले 24 घंटे में प्रदेश 8 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा का प्रभाव हो रहा है। इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आस पास के इलाकों में बना हुआ है। वहीं एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा इसी चक्रवाती परिसंचरण के क्षेत्र से उत्तरी बंगला-देश तक बिहार उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही एक अन्य च्रकवाती परिसंचरण का क्षेत्र पूर्वी झारखंड एवं उसके आस पास के क्षेत्र में बना हुआ है। इन मौसम कारकों के प्रभाव से अगले 24 घंटे में प्रदेश के मधुबनी, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में एक दो स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। राज्य के अररिया, किशनगंज, और पूर्णिया जिले के एक दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है।

About Post Author

You may have missed