मुंबई से प्रवासियों को लेकर पटना पहुंची ट्रेन-प्लेन में मिले 23 कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप, संपर्कियों की तलाश तेज
file photo
पटना। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की खतरनाक स्थिति और कई कड़ी बंदिशें लगाए जाने का असर दिखने लगा है। मुंबई और पुणे जैसे शहरों से लोगों का आना शुरू हो गया है, जिससे बिहार में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि शुक्रवार को मुंबई से आए ट्रेन और प्लेन से अब तक कुल 23 कोरोना पॉजिटिव मिलने की खबर से हड़कंप मच गया है। वहीं पटना जंक्शन पर तैनात एक टीटीई की देर रात अस्पताल में मौत के बाद से रेलवे कर्मियों में हड़कंप मच गया है। पटना जंक्शन के 30 से ज्यादा क्रमचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
कुर्ला-पटना ट्रेन अपने नियमित समय से एक घंटे की देरी से गुरुवार की रात करीब एक बजे पहुंची थी। महाराष्ट्र से बिहार आने वाली हर ट्रेन पर सवार सभी यात्रियों का पटना और दानापुर स्टेशन पर कोरोना जांच किया जा रहा है। इसी क्रम में पटना पहुंची कुर्ला-पटना एक्सप्रेस से कुल 17 यात्री कोरोना पॉजिटीव पाए गए। वहीं मुंबई से पटना पहुंचे छह हवाई यात्रियों की भी रिपोर्ट पॉजिटीव आई है।
ट्रेन और प्लेन के यात्रियों के कोरोना पॉजिटव पाये जाने के बाद प्रशासनिक महकमा में हड़कंप मच गया है। इन मरीजों के संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज कर दी गयी है। कोरोना संक्रमित ट्रेन यात्रियों को आइसोलेशन के लिए होटल पाटलिपुत्र अशोका में बनाए गए कोविड केयर सेंटर ले जाया गया था। जहां स्क्रीनिंग और कागजी कार्रवाई के बाद उन्हें सरकारी कोरेंटाइन सेंटर या होम कोरेंटाइन का विकल्प दिया गया। गौरतलब है कि आज से 13 अप्रैल तक करीब 40 ट्रेनें महाराष्ट्र से बिहार-झारखंड के शहरों के लिए रवाना होगी।


