September 22, 2026

PATNA : बहुचर्चित रूपेश सिंह हत्याकांड में फरार तीसरे आरोपी ने किया सरेंडर, भेजा गया जेल

पटना। बिहार के बहुचर्चित हाईप्रोफाइल इंडिगो स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपित पुष्कर ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है। सरेंडर करने के बाद पटना पुलिस उसे कोर्ट के सामने पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब कोर्ट से पुष्कर को रिमांड पर लेकर उससे हत्याकांड को लेकर पूछताछ करेगी। बता दें कि रूपेश सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस दो आरोपित रितुराज और पवन को पहले ही जेल भेज चुकी है। बता दें मूलरूप से सारण निवासी इंडिगो स्टेशन मैनेजर रूपेश कुमार सिंह की हत्या बीते 12 जनवरी को एयरपोर्ट से लौटते हुए शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलदेव भवन के समीप उनके अपार्टमेंट के गेट के पास कर दी गई थी। इस हाईप्रोफाइल मर्डर हत्याकांड के बाद नीतीश सरकार के सुशासन पर सवाल उठने शुरू हो गए थे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर सीएम नीतीश लगातार निर्देश दे रहे थे। पुलिस के दावे के मुताबिक रोडरेज में मुख्य आरोपित रितुराज ने उन्हें गोली मारी थी। पटना पुलिस की इस थ्योरी पर पटना पुलिस की खूब किरकिरी हुई थी। इसी बीच पटना पुलिस पर आरोपी रितुराज की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए थे।
आरोपित रितुराज की नियमित जमानत पर सुनवाई खारिज
इससे पहले बीते 27 मार्च को एसीजेएम सह सब जज-4 उमेश राय ने आरोपित रितुराज की नियमित जमानत पर सुनवाई करने के बाद उसे खारिज कर दिया। कोर्ट ने इस हत्याकांड के अनुसंधानकर्ता द्वारा दाखिल केस डायरी के पारा 77 से 439 तक में पुलिस के द्वारा इकट्ठा किये गये कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज और आरोपित की दोषी स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर रितुराज की जमानत को खारिज कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल पर जाते तथा वहां से वापस भागते हुए रितुराज को देखा गया है।
अभियुक्त पवन की रिमांड के लिए दिया आवेदन
वहीं अगमकुंआ थाना क्षेत्र से आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार दूसरा अभियुक्त पवन कुमार को रुपेश सिंह हत्या कांड में रिमांड के लिए शात्रीनगर थाने की पुलिस ने एसीजेएम कोर्ट में आवेदन दाखिल किया है।
12 जनवरी को हुई थी हत्या
इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह 12 जनवरी को पटना एयरपोर्ट से अपनी ड्यूटी कर पुनाईचक स्थित अपार्टमेंट में जा रहे थे। तभी उनके अपार्टमेंट के गेट के ठीक नीचे अपराधियों ने गोलियों से भून दिया था। इस घटना के संबध में पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र कर गोली मारकर हत्या करने वाले अज्ञात पांच-छह अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसमें पटना पुलिस ने रितुराज को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया था और उसके पास से आर्म्स बरामदगी का दावा करते हुए रामकृष्णानगर थानेदार ने जेल भेज दिया था। वहीं, गिरफ्तारी के बाद रामकृष्णानगर थानेदार ने रितुराज का दोष स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया था। इसी बयान के आधार पर रितुराज को रूपेश सिंह हत्याकांड में पटना पुलिस ने रिमांड किया था।

You may have missed