सरदार पटेल जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित होगा एकता दौड़

पटना। सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में हुई मीटिंग में एकता दौड़ और अन्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। 31 अक्टूबर को सुबह 8 बजे राजभवन गोलम्बर पर से ‘‘एकता दौड़’’ शुरू होगी। इस दौड़ में सीआरपीएफ, एसएसबी के 100-100 जवान, बिहार सशस्त्र पुलिस के 200 (50 महिला), जिला पुलिस बल के 200 जवान (50 महिला), एनसीसी/स्काउट गाईड एवं अन्य के 300 जवान तथा लगभग 200 की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। छात्र/छात्राओं की भागीदारी डीएम के द्वारा करायी जायेगी। एकता दौड़ राजभवन गोलम्बर से शुरू हो संजय गांधी जैविक उद्यान के गेट नं-2 से होते हुए स्व सरदार पटेल की प्रतिमा (हार्डिंग रोड गोलम्बर) होते हुए संजय गांधी जैविक उद्यान, गेट नं-2 से होकर राजधानी वाटिका में जाकर समाप्त होगी। झण्डा दिखा दौड़ शुरू करने हेतु मुख्य सचिव एवं डीजीपी से अनुरोध किया जाएगा। दौड़ में शामिल सभी महानुभावों/गणमान्य व्यक्तियों/जवानों एवं अन्य के लिए ‘‘रन फाॅर यूनिटि’’ अंकित कर टोपी दी जाएगी। दौड़ की समाप्ति के बाद राजधानी वाटिका स्थल पर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी जाएगी। नजारत उप समाहर्त्ता जरूरी संख्या में शपथ प्रपत्र एवं शपथ दिलाने हेतु पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था करेंगे। पटना जंक्शन, लोहिया पार्क कंकड़बाग, गांधी मैदान में पुलिस बैण्ड वादन कराया जाएगा। नशा मुक्त बिहार पर राजधानी वाटिका में सायं में नुक्कड़ नाटक होगा। राष्ट्रीय एकता पर पटना स्थित 15 स्कूलों में बच्चों की पेटिंग आयोजित करने और पांच उत्कृष्ट पेंटिंग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में डीएम कुमार रवि के साथ सिटी एसपी मध्य डी अमरकेश, एडीएम सामान्य आशुतोष कुमार वर्मा, एसओआर पंकज कुमार, अपर समाहर्त्ता वजैन उद्दीन अंसारी, सदर एसडीओ सुहर्ष भगत, सहायक समाहर्ता तनय सुलतानिया सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed