नगर निगम सिटी अंचल का बनेगा मल्टी स्टोरी बिल्डिंग

पटना सिटी (आनंद केसरी)। नगर निगम सिटी अंचल का रंग-रूप बदलने वाला है। सिटी अंचल के कार्यालय को तोड़कर इस पर मल्टी बिल्डिंग बनाने की योजना है। साथ ही परिसर की सफाई, कर्मशाला को व्यवस्थित कर ठीक ना होने लायक वाहनों की नीलामी करने और अन्य जानकारियां उन्होंने प्राप्त की। नगर आयुक्त शनिवार को सिटी अंचल के मीना बाजार स्थित कार्यालय में पहुंचे। यहां ईओ सुशील कुमार मिश्रा समेत अन्य ने उनका स्वागत किया। मगर नगर आयुक्त ने परिसर में व्याप्त गंदगी को देखते हुए नाराजगी का इजहार किया। उन्होंने 48 घंटे में पूरी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कार्यालय में कार्यपालक अभियंता के मौजूद नहीं रहने पर भी नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और कार्यालय में सभी अधिकारी और कर्मियों को समय से पहुंचकर काम शुरू करने की चेतावनी दी। निगम आयुक्त अनुपम कुमार सुमन ने मोबाइल पर ही कार्यपालक अभियंता को क्षेत्र में अवैध निर्माण को तत्काल रोकने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद वह कार्यालय के पीछे रहे कर्मशाला को देखने गए। इसके जीर्णोद्धार के लिए उन्होंने ईओ को निर्देश दिया। साथ ही कहा कि हाल ही में जो भी वाहन खरीदे गए हैं, उसकी पार्किंग और उसके कल-पुर्जे की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परिसर में जो भी वाहन बनने लायक है उसे बनवाया जाए और बाकी को नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। निगमायुक्त अनुपम कुमार सुमन ने राजस्व पदाधिकारी से पूछा कि परिसर में निगम के चहारदीवारी से सटे जो भी दुकान किराए पर दी गई है, उसकी शर्त क्या है। उसका पालन हो रहा है या नहीं। पूरी जानकारी संचिका के साथ लेकर उन्होंने अपने कार्यालय में राजस्व पदाधिकारी को बुलाया है। निगमायुक्त श्री अनुपम ने कार्यपालक पदाधिकारी को जानकारी दी कि वर्तमान ऑफिस की जगह बहुमंजिला इमारत बनाने की योजना है। ऐसे में अन्य स्थान पर मॉडलर ऑफिस बनाने का निर्णय जल्द लें, ताकि भवन को तोड़कर नई संरचना का निर्माण हो सके। तब तक ऑफिस अस्थाई रूप से कहीं चल सके। निगमायुक्त ने अभिलेखों को सूचीबद्ध कर कहा कि उसे जिलबंद कर चिन्हित स्थल पर रखने का आदेश दिया। निगमायुक्त के साथ उप नगर आयुक्त विशाल आनंद, ईओ सुशील कुमार मिश्र, नगर प्रबंधक रणधीर किशोर, राजस्व पदाधिकारी, सीएसआई आदि मौजूद थे।

About Post Author

You may have missed