PATNA : आईएएस अधिकारी पुष्पम प्रिया को सीएम बनाने की छेड़ेंगे मुहिम, संभालेंगे प्लूरल्स की कमान

पटना। सीएम नीतीश के खास माने जाने वाले आईएएस अधिकारी अनुपम कुमार सुमन अब नीतीश के खिलाफ चुनावी दंगल में कूदने के संकेत दिए हैं। वे पुष्पम प्रिया चौधरी के नेतृत्व वाली प्लूरल्स पार्टी से जुड़कर शंखनाद करेंगे। बता दें कि अनुपम सुमन पटना के नगर आयुक्त रह चुके हैं। पिछले साल बरसात में जब पटना जलमग्न हो गया था तो जब उन पर गाज गिरी थी। कुछ दिन पहले अनुपम को जलजमाव पर कारण बताओ नोटिस मिला, जिसके बाद मंगलवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।
एक साल बाद मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने सीएम नीतीश पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार को मेरी नेतृत्व क्षमता पर शक था, अब हम प्लूरल्स की सरकार बनाकर बताएंगे कि नेतृत्व कैसे किया जाता है। पुष्पम प्रिया चौधरी के नेतृत्व वाली पार्टी प्लूरल्स सभी 243 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पूरे बिहार में जहां भी प्रिया जा रही हैं, लोग नेतृत्व बदलने की आशाओं के साथ उन्हें देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को तो यह भी पता नहीं कि सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम में क्या अंतर है।
पटना के पूर्व नगर आयुक्त ने कहा कि पटना नगर निगम नरक निगम है। मैं आईएएस पैसा कमाने के लिए नहीं बना था। नौकरशाही में पैसा कमाने का धंधा नहीं चलाने पर परेशानी होती है, यह मेरे साथ भी हुआ। 2019 में पटना में हुए जलजमाव के लिए सरकार और विभाग जिम्मेदार है। नगर निगम की कोई हैसियत नहीं है। पटना नगर निगम के हालत इतने खराब हैं कि कोई अधिकारी यहां आना नहीं चाहता। मुझ पर लगे सभी आरोप गलत हैं। जिस समय जलजमाव हुआ मैं नगर आयुक्त नहीं था। मैंने 3 अगस्त को पद छोड़ दिया था, जबकि बाढ़ सितंबर में आई थी।
बताते चलें अनुपम कुमार की गिनती सीएम नीतीश के खास अधिकारियों में होती थी। अनुपम गुजरात कैडर के अधिकारी थे। नीतीश कुमार की पहल पर वह बिहार सेवा में आए। नीतीश ने उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी। वह लंबे समय तक मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव और विशेष सचिव रहे।
बता दें पुष्पम प्रिया चौधरी ने अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन और पटना में होर्डिंग लगाकर सीधे बिहार की राजनीति में दस्तक दी थी। इसके बाद कुछ दिनों तक पुष्पम प्रिया चौधरी की चर्चा पूरे बिहार में होती रही। लोग जानने को उत्सुक थे कि आखिर यह महिला कौन है, जिसने सीधे बिहार का मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित की है। इन दिनों बिहार के विभिन्न जिलों में जाकर पार्टी को मजबूत करने में जुटी हुई हैं और आए दिन लोग उनके पार्टी से जुड़ रहे हैं।

About Post Author

You may have missed