बिहार पुलिस को मिली बड़ी सफलता : 8 साल से फरार हार्डकोर कुख्यात नक्सली कवि जी गिरफ्तार

जहानाबाद। जहानाबाद और मसौढ़ी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर 8 साल से फरार नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का कुख्यात और एरिया कमांडर कृष्णवल्लव लाल उर्फ अमरेश कुमार सिन्हा उर्फ कवि जी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पटना जिला के मसौढ़ी थानांतर्गत हांसाडीह गांव स्थित उसके घर से पुलिस ने उसे पकड़ा गया है। पूछताछ के बाद उक्त नक्सली कमांडर को हुलासगंज थाना के एक केस में जहानाबाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शुक्रवार को एसपी दीपक रंजन ने यह जानकारी दी। बता दें माओवादी संगठन का हार्डकोर कवि जी वर्ष 1990 से ही संगठन में सक्रिय था। पटना ग्रामीण इलाके के एक पुलिस पिकेट को उड़ाने की घटना में भी वह शामिल था। वर्ष 1994 में मसौढ़ी थाना में उस पर केस दर्ज हुआ था। नालंदा के इस्लामपुर थाना में भी उस पर केस दर्ज है। इसके अलावा पटना जिला के मसौढी, भगवानगंज और खीरी मोड़ थाना में कम से कम 10 मामले उस पर दर्ज हैं।
एसपी दीपक रंजन ने बताया कि पकड़ा गया कुख्यात नक्सली जहानाबाद जिला और मसौढ़ी इलाके में एरिया कमांडर के रूप में सक्रिय था। 19 नक्सली वारदातों में शामिल रहने की अब तक पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा उसके खिलाफ जहानाबाद, नालंदा, पटना एवं गया जिले के विभिन्न थाना से उसके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। एसपी ने बताया कि उक्त नक्सली जहानाबाद जिले के हुलासगंज, परसविगहा और सकूराबाद थाना क्षेत्र के 8 नक्सली कांडों में वर्षों से फरार चल रहा था। सीमावर्ती जिला पटना, नालंदा एवं अन्य जिलों में हत्या, रंगदारी, अपहरण, बम विस्फोट एवं नक्सली कांडों में भी उसकी संलिप्तता रही है।
एसपी ने बताया कि वह अपने संगठन के लिए रोड बनाने वाले ठेकेदारों एवं ईट-भट्ठा मालिकों के साथ अन्य व्यक्तियों से लेवी वसूलने का काम करता रहा है। गुरुवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी उक्त माओवादी कमांडर अपने घर आया हुआ है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय के नेतृत्व में डीएसपी राजीव कुमार रंजन, हुलासगंज थानाध्यक्ष दीपक कुमार, कड़ौना ओपी के प्रभारी अजीत कुमार बड़ी संख्या में सशस्त्र बलों के साथ मसौढ़ी थाने की पुलिस के सहयोग से हांसाडीह गांव की घेराबंदी की और उसके घर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया। उक्त माओवादी कमांडर झारखंड के इलाके में भी रहकर संगठन के लिए काम कर रहा था। वहां से भी जहानाबाद एवं पटना जिला का ग्रामीण क्षेत्र मसौढ़ी के इलाके में संगठन का काम करता था। लेवी वसूलने समेत अन्य नक्सली योजनाओं में शामिल रहता था। एक दिन पूर्व ही वह अपने गांव आया था और इलाके में सक्रिय था, जिसकी सूचना जहानाबाद एसपी को मिली। उन्होंने टीम का गठन कर पटना पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। एसपी ने बताया कि जहानाबाद के हुलासगंज, शकूराबाद एवं परसविगहा थाने के आठ नक्सली कांडों में वह फरार था।
एसपी ने मीडिया कर्मियों को जानकारी दी कि उक्त माओवादी से पूछताछ की गई तो उसने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपने कई सहयोगियों के बारे में जानकारी दी है। साथ हीं बताया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ जहानाबाद जिला के कांडों के अलावा सीमावर्ती जिला में भी नक्सली कांड कारित करने में शामिल रहा था। कुछ माह पूर्व इसके सहयोगी परशुराम सिंह उर्फ नंदलाल जी, गुड्डू शर्मा एवं अन्य नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस माओवादियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
माओवादी कमांडर कवि जी के खिलाफ हुलासगंज थाने में कांड संख्या 35/2015, 45/2015, 46/2015, परस विगहा थाने में कांड संख्या 41/15, 155/14, 136/14, शकूराबाद थाने में कांड संख्या 136/ 14, 137/14, 07/15, इस्लामपुर (नालंदा) में 170/15, मसौढ़ी (पटना) थाना कांड संख्या 51/ 05, 40/01, 176/2000, 128/99, 225/94, 218/94, 120/09, भगवानगंज थाना कांड संख्या 49/04, खीरी मोड थाना कांड संख्या 01/19 एवं 06/19 दर्ज हैं। अधिकांश मामले विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं 17 सीएलए एक्ट के अलावा हत्या, अपहरण, रंगदारी, बम-विस्फोट से संबंधित हैं।

About Post Author

You may have missed