ऊर्जा मंत्री बोले, बिहार में विद्युत दर बढाने पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं

  • जदयू के जन सुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए तीन मंत्री

पटना। जदयू मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के ऊर्जा तथा योजना एवं विकास विभाग के मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी तथा परिवहन मंत्री शीला मंडल सम्मिलित हुए। इन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम लोगों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और उसका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
आरसीपी आज भी पार्टी के सदस्य
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की पार्टी में भूमिका के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि इस संदर्भ में राष्ट्रीय अध्यक्ष ही बतायेंगे, इस पर बोलने के लिए वही अधिकृत हैं। आरसीपी आज भी पार्टी के सदस्य हैं और वरिष्ठ नेता हैं, इससे कौन इंकार कर रहा है। वरिष्ठ नेता नहीं होते तो राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेवारी उन्हें कैसे मिलती।
बिजली आपूर्ति में पिछले दिनों आई कुछ समस्याओं के संदर्भ में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि फिलहाल आंधी-तूफान का मौसम है और यह विद्युत आपूर्ति की दृष्टि से सबसे खतरनाक मौसम होती ही है। इसके अलावे कोई दूसरी परेशानी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत दर बढाने पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ है। राजद अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के अस्वस्थता पर उन्होंने कहा कि हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वो जल्द स्वस्थ हों।
हमलोग सभी धर्मों का सम्मान करने वाले
परिवहन मंत्री शीला मंडल ने पत्रकारों द्वारा फिल्म काली पर हो रहे विवाद के संदर्भ में पूछे जाने पर कहा कि हमलोग सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। फिल्म मेकर अपने प्रचार के लिए कुछ-कुछ करते रहते हैं। सभी के धार्मिक भावनाओं का हमें सम्मान करना ही चाहिए। उन्होंने बोल्वो बस के बेकार पड़े रहने के सवाल पर कहा कि वो बसें पर्यटन विभाग की हैं। हमलोग सीएनजी एवं इलेक्ट्रोनिक बसों को अपने बड़े में शामिल करने का काम कर रहे हैं, साथ ही आम लोगों को इसके लिए प्रेरित करने हेतु अनुदान भी दे रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ही कुछ भी बताने को अधिकृत
इस दौरान मंत्री मदन सहनी ने आरसीपी सिंह के संदर्भ में कहा कि हम सबके सर्वमान्य नेता मुख्यमंत्री ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेवारी दी थी। हमारे वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष ही कुछ भी बताने को अधिकृत हैं। उक्त अवसर पर विधान पार्षद रवीन्द्र प्रसाद सिंह, मुख्यालय प्रभारी उपाध्यक्ष डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी एवं महासचिव अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

About Post Author

You may have missed