अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं नीतीश, इस कारण उन्हें कोई बारात का दूल्हा बनाने को तैयार नहीं : सम्राट चौधरी

  • भागलपुर में सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, कहा- पहले राजद और फिर बीजेपी को ठग चुके है नीतीश

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि पार्टी बिहार में पहली बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए काम कर रही है। इसके लिए संगठन को बूथ से लेकर पन्ना स्तर तक मजबूत बनाया जा रहा है। अब तक भाजपा ने गठबंधन कर लालू और नीतीश को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन हर बार गठबंधन में भाजपा ठगी गई, जोकि अब नहीं होगा। भागलपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा ने पहली बार लालू प्रसाद को मुख्यमंत्री बनाया। पांच बार नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया। वे भाजपा को छोड़ कर चले गए। अब भाजपा नेतृत्व वाली सरकार बनाना ही पार्टी कार्यकतार्ओं का लक्ष्य है। सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए विधि व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है। नीतीश कुमार के राज में प्रत्येक दिन 15 से 24 लोगों की हत्या हो रही है। महागठबंधन की सरकार बनने के आठ महीने के भीतर 3.5 लाख लोगों की हत्या हो चुकी है।
सम्राट बोले- गुंडों को जेल से बाहर निकाल रहे नीतीश
उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री रहते हुए शाहनवाज हुसैन ने काफी काम किए। 35 हजार करोड़ का निवेश प्रस्ताव आया। अब सभी वापस भाग रहे हैं। पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुंडों को जेल भेजने की बात कहते थे। अब नीतीश सरकार गुंडों को जेल से बाहर निकाल रहे हैं। भाजपा की नेतृत्व वाली सरकार जिन प्रदेशों में है। वहां गुंडे जेल के अंदर रहते हैं या जमीन के अंदर। भाजपा कभी गुंडों से समझौता नहीं करती है।
नीतीश को न तो कोई दूल्हा और न ही बाराती बनाने को तैयार : सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के देश भर में विपक्षी दलों को एकजुट करने की मुहिम पर चुटकी लेते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को न तो कोई दूल्हा बनाने को तैयार है और न ही सहबाला। नीतीश कुमार को कोई बराती भी बनाने को तैयार नहीं है, क्योंकि वे भरोसा करने के लायक नहीं हैं। उनके बारे में यह पता ही नहीं चलता है कि वे कब कहां चले जाएंगे। वे मेमोरी लॉस सीएम बन गए हैं। आधी बात याद रहती है और आधी बात भूल जाते हैं। पटना से वे कह कर निकलते हैं कि वे विपक्षी दलों को एकजुट करने जा रहे हैं। ओडिशा पहुंचने के बाद कहते हैं कि वे मित्रता निभाने आए हैं। मुख्यमंत्री खुद भूल गए कि वे किस लिए ओडिशा गए।
विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए जमीन नहीं
भागलपुर में विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के पांच वर्षों से साढ़े चार सौ करोड़ रुपये आ चुके हैं, लेकिन राज्य सरकार जमीन उपलब्ध नहीं करा रही है। भागलपुर में हवाई अड्डा के लिए राज्य सरकार जमीन उपलब्ध नहीं करा रही है। सरकार अविलंब जमीन उपलब्ध कराए। भाजपा की चिंता है कि भागलपुर में एयरपोर्ट बने। एक बड़े अस्पताल का निर्माण हो।

About Post Author

You may have missed