खबरें बाढ़ की : शादी में गीत गा रही महिला की मौत, भागी महिला बरामद, जख्मी हालत में मिले दो युवक

माइक में दौड़ी करंट, शादी विवाह में गीत गा रही महिला की मौत
बाढ़। पटना के बेलछी थाना क्षेत्र के एकडंगा पंचायत के रामपुर गांव निवासी अरुण पासवान की पत्नी 36 वर्षीय दौलती देवी गांव में ही एक शादी समारोह में गीत गा रही थी, तभी माइक में अचानक करंट आ जाने के कारण महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई। बाद में स्थानीय लोगों ने महिला को बेहोशी की हालत में अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन चिकित्सकों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शादी समारोह मातम में तब्दील हो गया। ग्रामीण महिला के शव को साथ ले गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने भागी महिला को किया बरामद
बाढ़। दिल्ली के प्रेम नगर इलाके से कुछ दिन पहले प्रेम प्रसंग में एक विवाहित महिला को बिहार के एक युवक ने झांसा देकर भगा ले गया था। इस बाबत महिला के परिजनों के द्वारा दिल्ली के संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करायी गई। उसके बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक के ठिकाने पर पहुंची और पुलिस के सहयोग से महिला को बाढ़ के एक गांव से सही सलामत बरामद कर लिया। महिला रूपेंद्र कौर, पति चंचल सिंह की शनिवार को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में मेडिकल कराने की प्रक्रिया किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस उसे साथ ले गई। दिल्ली पुलिस के अधिकारी से जब महिला के बारे में सवाल पूछे गए तो कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।

सड़क पर जख्मी हालत में मिले दो युवक, अस्पताल में भर्ती
बाढ़। थाना क्षेत्र के सदर बाजार इलाके के दो युवक 20 वर्षीय विशाल कुमार और 21 वर्षीय मिथिलेश कुमार के पुत्र राजेश कुमार बारात में गया था। बारात से लौटने के दौरान सड़क किनारे उसे बेहोशी की हालत में लोगों ने देखा और उठाकर बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों युवक को होश नहीं आने के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

About Post Author

You may have missed