खबरें बाढ़ की : बदमाश गिरफ्तार, भाजपा जिला प्रवक्ता का इस्तीफा, पईन उड़ाही में उल्लंघन करने का आरोप

घर से देसी कट्टा और 5 जिंदा कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार
बाढ़। सकसोहरा थाना क्षेत्र के अंदौली दरवेशपुरा पंचायत के भागन बीघा गांव में थाना की पुलिस ने बीते गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर सुनील कुमार, पिता वाल्मीकि पासवान के घर पर छापेमारी किया। इस दौरान घर में मौजूद सुनील कुमार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो घर के अंदर से एक देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुई। पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत के तहत शुक्रवार को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि युवक की अक्सर शिकायतें मिल रही थी, वह घर में हथियार रखता है।

भाजपा के जिला प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा
बाढ़। भाजपा के जिला प्रवक्ता सुभाष रंजन रमन ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सियाराम सिंह को अपना इस्तीफा पत्र सौंप दिया। इस्तीफा देने के पीछे कारणों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल में यह पाया कि जिला स्तर पर प्रवक्ता पद का कोई महत्व नहीं है और न ही कोई प्रोटोकॉल है, इसलिए इस पद पर रहने का कोई औचित्य नहीं है। विदित हो कि 3 वर्ष पूर्व केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा पार्टी में जिला प्रवक्ता का पद सृजित किया गया था।

पईन उड़ाही में मनरेगा द्वारा दिये गए दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने का आरोप


बाढ़। स्थानीय नागरिक मिक्की कुमार ने जल संसाधन विभाग के कार्यक्रम पदाधिकारी को पत्र लिखकर सूचित किया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनरेगा द्वारा पईन उड़ाही का कार्य किया जा रहा है, जिसमें मनरेगा के द्वारा दिये गए दिशानिर्देशों का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि पटना के पंडारक प्रखंड के भगवतीपुर करमौर ग्राम के कूरसैत पईन में विभाग द्वारा गत वित्तीय वर्ष 2020-21 में पईन उड़ाही का कार्य किया गया था और उसी किए गए कार्य पर पुन: वित्तीय वर्ष 2022-23 में कार्य प्रारंभ किया गया है, जो कि गलत है और मनरेगा द्वारा दिये गए दिशा-निर्देशों का साफ तौर पर उल्लंघन है। इस बाबत उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी बाढ़ और पंडारक अंचलाधिकारी को अग्रसारित कर दिया है।

About Post Author

You may have missed