औरंगाबाद में जमीन विवाद में भतीजे ने चाचा को मारी गोली, बीच-बचाव करने गई भतीजी भी चाकू के वार से घायल
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में जमीनी विवाद में भतीजा ने चाचा को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। वहीं बीच-बचाव करने पहुंची भतीजी पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना ओबरा थाना क्षेत्र के चपरी गांव की है। जानकारी के अनुसार पूर्व से चली आ रही जमीनी विवाद ने आज अहले सुबह तूल पकड़ लिया। जिसके बाद भतीजा ने चाचा पर ताबड़तोड़ गोलियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इधर बीच-बचाव करने आए भतीजी को भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वही दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां की चाचा की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए बाहर रेफर कर दिया है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच में जुट गई है।