बाढ़ : 3 दिन पहले बारात आए लापता किशोर की हत्या, कुएं से शव बरामद, ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई झड़प
बाढ़। पटना के एनटीपीसी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में 3 दिन पूर्व बारात में आए लापता किशोर दर्शन कुमार (15 वर्ष) का शव रविवार को कुएं से बरामद किया गया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार दरियापुर गांव निवासी अजय पासवान के घर पर आई बारात में शेखपुरा जिले के सरवन बीघा गांव निवासी दर्शन कुमार आया था। शादी के दौरान पुराने झगड़े को लेकर प्रतिशोध में दर्शन को कुछ लोगों ने पकड़ कर पिटाई करने के बाद हत्या कर शव कुएं में डाल दिया। इस संबंध में एनटीपीसी थाने में परिजनों ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। रविवार की दोपहर कुएं में शव मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के उपरांत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला। इस दौरान घटना से आक्रोशित ग्रामीणों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। वहीं मौके पर एएसपी अरविंद प्रताप सिंह ने पहुंचकर परिजनों से मामले को लेकर तहकीकात की। एएसपी ने बताया कि परिजनों के द्वारा दिए गए संदिग्ध लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्यारों को पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है।