PATNA : पटना सिटी में नाबालिग युवक को मारी गोली, अपराधियों को लोगों ने दबोचा, घायल युवक एनएमसीएच में भर्ती
पटना। पटना सिटी चौक थाना अंतर्गत पीटी साहब की गली में अपराधियों ने एक नाबालिग युवक को गोलियों से भून डाला। गोली मार कर भाग रहे एक अपराधी को लोगों ने पकड़ लिया। पकड़े गए अपराधी को लोगों ने जमकर पिटाई के बाद इसकी सूचना थाने को दी। घटना की सूचना के बाद भी घंटों देर से पहुंची पुलिस को लोगों के कोप भाजन का शिकार बनना पड़ा। लोगों ने पुलिस पर भी जमकर भड़ास निकाला। दूसरी तरफ घायल युवक को इलाज के लिए पटना के एनएमसीएच में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर शाम चौक थाना के टीपी साहब गली में दो की संख्या में आए अपराधियों ने अंशु कुमार 15 वर्ष को गोली मारी। आसपास के लोगों ने बताया कि अंशु कुमार अपने घर के नजदीक बैठकर दही बेच रहा था। उनके पिता रामबाबू राय दुकान पर नहीं थे, इसलिए उनका बेटा अंशु दुकान पर बैठा था। इसी क्रम में वहां दो अपराधी पहुंचे और अंशु से दही मांगने लगे। पैसे की मांग की तो अपराधियों ने अंशु पर गोली चला दी।

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और भाग रहे एक अपराधी को खदेड़ कर पकड़ लिया। इसी क्रम में लोगों ने उसको जमकर पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना चौक थाने को दी। सूचना मिलने के बाद भी घंटों लेट से पहुंची पुलिस पर लोगों ने जमकर भड़ास निकाला। इस मामले को लेकर चौक थाना के प्रभारी गौरीशंकर गुप्त ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिए भेजा गया है।

