मुजफ्फरपुर : मानसिक रूप से बेटे ने की मां-बाप की हत्या, इलाके में हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बेटे ने संपत्ति विवाद में अपने ही मां-बाप की बेरहमी से हत्या कर दी। मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के खुटाहीं में युवक शनिवार सुबह अपने माता-पिता से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था। मां-बाप के इनकार करने पर उसने पहले दोनों के साथ मारपीट की। उसके बाद सिलेंडर से एक-एक कर दोनों को कूचा। इसके बाद आराम से बैठकर दोनों का गला रेत दिया। यही नहीं उसने बीच बचाव करने गई अपनी भाभी की भी हत्या करने का प्रयास किया लेकिन, वह बचकर भाग निकली। भाभी ने शोर मचाते हुए लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। आरोपी बचकर भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन, लोगों ने घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया, जिससे वह घर में ही कैद हो गया। आरोपी घर के अंदर से लोगों को धमकी दे रहा था।

मरने वालों की पहचान शंभू सहनी (70) व उसकी पत्नी शारदा देवी (65) के रूप में हुई। आरोपी अजय सहनी तीन भाइयों में मंझला है। उसके बड़े भाई संजय सहनी और छोटे भाई विजय सहनी की शादी हो गई है। अजय अविवाहित है। घटना की सूचना पर पारू, देवरिया समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अजय को हिरासत में लिया। इस दौरान भीड़ काफी उग्र हो गयी। भीड़ ने अजय को पुलिस हिरासत से छीनने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के आगे लोगों की नहीं चली। घटना को लेकर गांव में काफी तनाव है। लोग आरोपी को ऑन स्पॉट सबक सिखाने की बात कह रहे थे। फिलहाल पुलिस ने समझाकर सभी को शांत किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा हैं अजय

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि अजय मानसिक रूप से बीमार है। उसका रांची के एक अस्पताल में इलाज भी हुआ था। हाल में वह इलाज करवाकर लौटा है। इसके बाद से हमेशा घरवालों से लड़ाई-झगड़ा करता रहता था। सभी को हत्या करने की धमकी भी देता था। उसका कहना था कि संपत्ति बेचकर उसे उसके हिस्से का रुपये दे दिया जाए। माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। वे लोग जान रहे थे कि पैसा लेकर वह बर्बाद कर देगा। उन्होंने संपत्ति बेचने से इकार कर दिया। इसी बात को लेकर भी वह काफी आक्रोशित था।

About Post Author

You may have missed