पटना समेत पूरे बिहार में फरवरी में बढ़ा तापमान, मार्च में पड़ेगी मई वाली गर्मी

पटना। राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में फरवरी के महीने में ही सूरज ने अपना सितम दिखाना शुरू कर दिया है। फरवरी में लगातार बढ़ता तापमान इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि इस बार बिहार में भीषण गर्मी पड़ने जा रही है। बता दें कि बिहार के तापमान में हर दिन वृद्धि देखी जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार 25 फरवरी से 28 फरवरी तक बिहार का मौसम शुष्क ही बना रहेगा। राज्य के किसी भी जिले में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आज बिहार में आसमान साफ रहेगा। हालांकि जिलों के तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है। शुक्रवार को खगरिया सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो तीन दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। आज पटना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियमस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावाना है।
शुक्रवार को सबसे गर्म रहे बिहार के चार जिले
पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के चार जिलों के तामपान में शुक्रवार को वृद्धि देखी गई। सीतामढ़ी में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस, सिवान में 31 डिग्री सेल्सियस, वैशाली में 29.8 डिग्री सेल्सियस और नालंदा में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल राज्य के बाकी जिलों में तापमान में कुछ कमी देखने को मिली। पूर्वी चंपारण का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मुजफ्फरपुर का 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही बिहार सरकार के मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को अमेरिका के नेशनल सेंटर फॉर एटमॉस्फेरिक रिसर्च के सहयोग से घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति के लिए एक प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली विकसित करने के उद्देश्य से 41.41 लाख रूपये की मंजूरी दी।