बेतिया में वरमाला के बाद शादी से भागा दूल्हा : वधू पक्ष ने पिता को बनाया बंधक, सभी बाराती भी भागे

बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक दूल्हा वरमाला के बाद मंडप छोड़कर भाग गया। दूल्हे के भागने के बाद बारातियों में खलबली मच गई। परिवार और रिश्तेदार दूल्हा को खोजने लगे। करीब आधे घंटे बाद पता चला कि जिस किराए के कार से दूल्हा आया था, उसपर ही फरार हो गया है। उसका मोबाइल भी आॅफ था। कार चालक के मोबाइल पर संपर्क करने के बाद पता चला कि दूल्हा तो भाग गया। दूल्हे के भागने की सूचना जब लड़की पक्ष को मिली तो वे आक्रोशित हो गए और दूल्हे के पिता को बंधक बना लिया। मामला बेतिया के बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की है। सोमवार की रात गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र के गिद्धौरा गांव से बारात आई थी। रात दस बजे के करीब पांच बस, कई लग्जरी गाड़ियां, बैंड-बाजा के साथ काफी धूमधाम से दुल्हन के दरवाजे पर बारात पहुंची। द्वार पूजा के बाद वरमाला का कार्यक्रम हुआ। बरातियों ने नाश्ता और भोजन भी किया। इसके बाद सभी बाराती आराम की मुद्रा में आए। दूल्हा के पिता और अन्य लोग सोने की व्यवस्था में लगे थे। इधर, दुल्हन के घर में फेरों की तैयारियां चल रही थी।

इन सब के बीच दूल्हा फुलों से सजी गाड़ी में बैठकर फरार हो गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हा को कोई प्रेम प्रसंग रहा होगा, जिस वजह से वह मंडप से फरार हो गया। हालांकि, दूल्हे के पिता ने इस पर अनभिज्ञता जाहिर की है। वधु पक्ष के लोगों ने वर पक्ष के सकलदेव यादव समेत अन्य को बंधक बना लिया। वहीं, अन्य बाराती मौका देख भाग गए। लड़की पक्ष शादी में खर्च और दूल्हा को उपहार के रुप में दिए करीब पांच लाख के फर्नीचर और अन्य समान वापस करने की मांग कर रहा है। पंचायती बैरिया थाना परिसर में हो रही है। थानाध्यक्ष प्रणय कुमार ने बताया कि थाने में आवेदन नहीं दिया है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। थाना परिसर में पंचायती के दौरान लड़की पक्ष ने शादी में खर्च के रुप में 7.65 लाख नगद और फर्नीचर समेत अन्य सामान वापस करने की मांग की है। जिला पार्षद प्रतिनिधि संजय गुप्ता ने बताया कि शादी से पहले दूल्हा के भागने की घटना के बाद लोग आक्रोशित हैं। दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामले को सुलझाया जा रहा है।

About Post Author