बैंक आफ इंडिया सेवानिवृत्त अधिकारी संघ चला रहा ‘चलो कुछ दूसरों के लिए जीते हैं’ अभियान

पटना। बैंक आफ इंडिया सेवानिवृत्त अधिकारी संघ के द्वारा प्रदेश में एक अनूठा अभियान ‘चलो कुछ दूसरों के लिए जीते हैं’ चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के क्रम में संघ के तत्वावधान में गोद लिए गए छात्र-छात्राओं के बीच पुस्तक, पोशाक, लेखन सामग्री और मेधा प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। इस मौके पर संघ के द्वारा छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के संयोजक उमेश तिवारी ने बताया कि इस अभियान के साथ बैंक के आगामी स्थापना दिवस (7 सितंबर) पर कुछ और गरीब मेधावी बच्चों को भी सहयोग दिया जाएगा। जरूरतमंद बच्चों को इस अभियान के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इस दौरान उमेश तिवारी ने छात्रों के परीक्षा परिणाम का मूल्यांकन भी किया। संघ के वाइस चेयरमैन सेवानिवृत्त उप महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार और उपाध्यक्ष सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक सुशील चंद्र मिश्र ने भी छात्रों को सफलता के कारगर मंत्र दिए। आज के कार्यक्रम में संघ के महासचिव एचएन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह एवं राजेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, सह कोषाध्यक्ष ज्योति शंकर वर्मा, संगठन सचिव अरुण कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। सबने मिलकर छात्रों को बधाई दी। सहायता पाने वाले छात्रों में अंजली, नीरज, हर्षिता, मोनी आदि थे। इस मौके पर अभियान से जुड़े सेवानिवृत्त अधिकारियों ने आगे और छात्रों को सहयोग करने का संकल्प लिया।

About Post Author