लखीसराय में नक्सलियों ने दो व्यक्तियों को मुखबिरी के शक में गोलियों से भून डाला,पूरे इलाके में दहशत

पटना। प्रदेश के लखीसराय जिले में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में दो व्यक्तियों की हत्या कर पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। नक्सलियों के इस खूनी खेल से लखीसराय जमुई समेत अन्य समीपवर्ती क्षेत्रों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या की है।चानन थाना क्षेत्र के बासकुंड गांव में मोगल कोड़ा नाम के ग्रामीण की हत्या कर दी गई है। वहीं, गोबरदाहा गांव में भी नक्सलियों ने संजय कोड़ा की हत्या कर दी है। मोगल कोड़ा और संजय कोड़ा की हत्या जंगल में ले जाकर की गई है।नक्सलियों ने पर्चा भी छोड़ा है। मिल रही जानकारियों के अनुसार नक्सलियों का एक जत्था बासकुंड गांव पहुंचा था और मोगल कोड़ा को घर से खींच कर नक्सलियों का जत्था अपने साथ जंगल की ओर ले गया और जंगल के रास्ते पर उसे गोली मार दी गई। आठ से 10 गोलियां उसे मारी गई थी। इसके बाद गोबरदाहा गांव में भी नक्सलियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। यहां संजय कोड़ा की हत्या कर दी गई है।संजय कोड़ा जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। फिलहाल वह अपने ससुराल में रह रहा था और ससुराल से ही अगवा कर उसे गोली मार दी गई।

 

घटना में नक्सलियों ने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया है।हत्या के बाद नक्सलियों द्वारा पर्चा भी छोड़ा गया है।नक्सलियों ने शव के पास फेंके गए पर्चे में इन्हें पुलिस मुखबिर बताया है और कहा है कि पुलिस के लिए मुखबिरी करने वालों का यही अंजाम होगा।

नक्सली वारदात की सूचना मिलने के बाद लखीसराय एसपी सुशील कुमार ने सुबह पुलिस पार्टी को घटनास्थल के लिए रवाना किया है। मामले की प्राथमिकी चानन थाना में दर्ज होगी। स्थानीय थाना के साथ भारी संख्या में पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।

About Post Author

You may have missed