September 12, 2026

जमुई में नाबालिग के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर परिजनों को छुरा घोंपा

जमुई। जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के तेलार डीह गांव पर रिश्तेदार के यहां से भोज खाकर वापस अपने घर आ रही नाबालिग के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर परिजनों को गांव के ही दो मनचलों ने छुरा घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसे अलीगंज में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 9 बजे तेलार डीह की कुछ महिलाएं अपने परिजनों के साथ तेलार टाड़ पर अपने गोतिया के यहां शादी समारोह में भोज खाने गईं थी। भोज खाकर पुरुष आगे निकल गए और महिलाएं पीछे रह गईं। उनके साथ कुछ नाबालिग बच्चियां थी, तभी पूर्व से घात लगाए गांव के ही मो. इनाम के पुत्र मो. जाहिद व सोनू बच्चियों के साथ छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।

इसी दौरान बच्चियां किसी तरह भाग गई और हल्ला करने लगी। हल्ला सुनकर ग्रामीण जुटने लगे, ग्रामीणों को आक्रोशित देख मो. जाहिद, गांव के जवाहर यादव के 20 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार व किशोरी यादव के 18 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार को पेट में छुरा घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिससे बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा।

इस घटना से ग्रामीण भयभीत हो गए। इसी का फायदा उठाकर आरोपी भाग गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायल को अलीगंज सरकारी अस्पताल ले जाया गया जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दोनों को पटना रेफर कर दिया। इस घटना की सूचना पर चंद्रदीप थानाध्यक्ष आशिष कुमार अपने दल-बल साथ गांव पहुचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया तथा मौके पर से एक व्यक्ति को गिरफ़्तार कर लिया गया।

इससे पहले भी मो. जाहिद ने इचोड़ गांव की एक विवाहित महिला को भगा ले जाकर शादी कर ली थी। घटना के सम्बंध में ग्रामीणों ने बताया कि उक्त आरोपी का चाल चलन ठीक नहीं है। घटना के संबंध में चंद्रदीप थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि पीड़ित के परिजनों के दिए गए आवेदन के आलोक में चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

You may have missed