JDU के प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, RCP बोले- नीतीश कुमार ने जो सपने दिखाए, उन्हें जमीन पर उतारा

पटना। जदयू के 22 संगठन जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को संपन्न हो गया। इससे पूर्व 26 एवं 27 मार्च को 19 संगठन जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण हुआ था। इस तरह प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण दो चरणों और चार दिनों में पूरा हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह थे। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की और संचालन जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री सुनील कुमार ने किया।
आरसीपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नेपोलियन बोनापार्ट के कथन लीडर इज ए डीलर इन होप के कथन को बिहार में चरितार्थ किया। 2005 में उन्होंने बिहारवासियों को जिस कानून के राज और न्याय के साथ विकास की आशा और उम्मीद बंधाई, जो सपने दिखाए, उन्हें जमीन पर उतारा। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कैसा व्यवहार होना चाहिए, उसका बेंचमार्क भी स्थापित किया।
अब पंचायत अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा
श्री सिंह ने प्रखंड अध्यक्षों से कहा कि संगठन का पहला काम है लोगों और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जोड़ना। संगठन से महिलाओं को अधिक से अधिक जोड़ें। बूथ अध्यक्ष बनाने का काम गांवों में जाकर करें और सुनिश्चित करें कि संगठन के हर साथी की पार्टी और नेता के प्रति सौ फीसदी प्रतिबद्धता हो। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अब पंचायत अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा।
पार्टी संगठन ऐप का नाम ‘मूल्यांकन’
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को एक नई ऊंचाई देकर देश-दुनिया के नक्शे पर ला दिया। आज दूसरे राज्य हमारा अनुकरण करते हैं। हम सीना तान कर कह सकते हैं कि हम जदयू के सिपाही हैं। उन्होंने बताया कि इसी महीने जदयू मीडिया सेल द्वारा बनाए जा रहे पार्टी संगठन का ऐप लांच किया जाएगा। इस ऐप का नाम मूल्यांकन रखा गया है।
10 लाख 90 हजार 932 स्वयं सहायता समूह बने
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के काम का देश में कोई दूसरा उदाहरण नहीं। बिहार में आज कई ऐसी योजनाएं चल रही हैं, जो बिहार से बाहर कहीं नहीं हैं। जीविका नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसके तहत अब तक 10 लाख 90 हजार 932 स्वयं सहायता समूह बन चुके हैं।
शराब को लेकर कोई सूचना मिलती हो तो जरूर दें
वहीं मद्यनिषेध मंत्री सुनील कुमार ने पुलिस बिल की चर्चा करते हुए कहा कि इसको लेकर विपक्ष द्वारा किया जा रहा दुष्प्रचार निंदनीय है। इसमें पुलिस को कोई ऐसा अधिकार नहीं दिया गया है, जो संविधान-सम्मत न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि शराब को लेकर कोई सूचना मिलती हो तो जरूर दें। आपके सहयोग से ही नशामुक्ति का प्रयास सफल हो सकता है।
भूमिविहीन व गृहविहीन को चिह्नित करें
पूर्व मंत्री एवं विधायक नरेन्द्र नारायण यादव ने कहा कि सरकार चिह्नित किए गए एक लाख 29 हजार 842 भूमिविहीन व गृहविहीन लोगों में से 93 हजार से अधिक लोगों को वासभूमि दे चुकी है। शेष को इस वर्ष दिया जाना है। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने-अपने इलाके में ऐसे वंचित लोगों को चिह्नित करें।
ये रहे उपस्थित
प्रशिक्षण शिविर में विधानपार्षद प्रो. रामवचन राय, संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, ललन सर्राफ, रवीन्द्र सिंह, डॉ. अमरदीप, डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, परमहंस कुमार, डॉ. विपिन कुमार यादव, कामाख्या नारायण सिंह, अरुण कुशवाहा, अशोक कुमार बादल, आसिफ कमाल तथा रामगुलाम राम उपस्थित रहे।

About Post Author

You may have missed