August 29, 2026

आरजेडी कार्यालय में आज से शुरू होगा जनता दरबार, दो मंत्री 3 बजे तक सुनेंगे लोगों की फरियाद

पटना। बिहार में इन दिनों महागठबंधन के नेतृत्व वाली सरकार अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल की ओर से एक नई कवायद शुरू की गई है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार कार्यक्रम के तर्ज पर अब पटना स्थित राजद कार्यालय में भी आम लोगों के लिए जनता दरबार लगाया जाएगा। इसकी जानकारी कल आरजेडी के प्रवक्ता चितरंजन गगन के द्वारा दी गई थी। वही आज जो जानकारी निकलकर सामने आई है उसके अनुसार आज दोपहर 1:00 से 3:00 तक राजद कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन होगा जहां लोग अपनी शिकायतों को सीधे संबंधित विभागों के मंत्री के पास पहुंचा सकेंगे। आज के जनता दरबार कार्यक्रम में आरजेडी कोटे के दो मंत्रियों की ओर से लोगों की फरियाद सुनी जाएंगी। बताया जा रहा है कि सुनवाई कार्यक्रम में राजस्व और भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता और सूचना प्रोद्योगिकी मंत्री इस्माईल मंसूरी लोगों की समस्याओं को सुनेंगे।