ECR के सभी मंडलों में सघन टिकट जांच अभियान जारी, 1 दिन में 15 हजार बेटिकट यात्री पकड़ाए

  • 1 से 23 नवंबर तक 2 लाख 28 हजार लोग बिना टिकट के यात्रा करते पकड़े गए, जुमार्ना स्वरूप 13 करोड़ रेल राजस्व हुआ प्राप्त

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना टिकट-उचित प्राधिकार की यात्रा पर रोकथाम के लिए सभी मंडलों में सघन टिकट जांच अभियान लगातार जारी है ताकि बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को निरूत्साहित किया जा सके।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों में अधिकारियों की अलग-अलग टीम बनाकर स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। सभी मंडलों में चलाए जा रहे व्यापक टिकट जांच अभियान के फलस्वरूप बीते मंगलवार को एक दिन में बिना टिकट यात्रा के लगभग 15 हजार मामले सामने आए, जिससे जुर्माने के रूप में 91 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।
इसी तरह 1 से 23 नवंबर तक (23 दिनों में) 2 लाख 28 हजार लोगों को बिना टिकट-उचित प्राधिकार के यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे जुर्माने के रूप में 12 करोड़ 97 लाख से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। जबकि पिछले माह अर्थात 1 से 23 अक्टूबर तक बिना टिकट यात्रा के 1 लाख 88 हजार मामलों से जुर्माने के रूप में 10 करोड़ 61 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार अक्टूबर माह के 23 तारीख तक की तुलना में नवंबर माह की 23 तारीख तक बिना टिकट के मामलों में 21.08 प्रतिशत जबकि उनसे प्राप्त होने वाले राजस्व में 22.25 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
उन्होंने जानकारी दी कि 01 से 23 नवंबर तक विभिन्न मंडलों समस्तीपुर में 59,844 लोगों से लगभग 3 करोड़ 89 लाख, दानापुर में 61,869 लोगों 3 करोड़ 61 लाख 58 हजार, धनबाद में 39752 लोगों से 1 करोड़ 72 लाख से अधिक, सोनपुर में 32359 लोगों से लगभग 1 करोड़ 85 लाख तथा पंडित दीन दयाल उपाध्याय में 34131 लोगों से जुर्माना स्वरूप लगभग 1 करोड़ 90 लाख रूपए से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

About Post Author

You may have missed