आज से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा : पिता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे राहुल गांधी, कहा- नफरत और बंटवारे की राजनीति में मैंने अपने पिता को खोया

  • राहुल गांधी तमिलनाडु के कन्याकुमारी से इस यात्रा का करेंगे उद्घाटन
  • 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी यह यात्रा

कन्याकुमारी। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी। आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तमिलनाडु के कन्याकुमारी से इस यात्रा का उद्घाटन करेंगे। ये यात्रा कई राज्यों से गुजरने के बाद कश्मीर में समाप्त होगी। कांग्रेस पार्टी आज कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करेगी। भारत जोड़ो यात्रा के 150 दिनों तक चलेगी, यह यात्रा लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। भारत जोड़ो 2024 के आम चुनाव से पहले लोगों में जागरूकता पैदा करने और कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए एक जन आंदोलन है। इस भारत जोडो यात्रा के दौरान मार्च, रैलियां और जनसभाएं भी होंगी, जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस बीच भारत जोड़ो यात्रा से पहले राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि नफरत और बंटवारे की राजनीति में मैंने अपने पिता को खो दिया। मैं अपने प्यारे देश को भी इसमें नहीं खोऊंगा।
राहुल गांधी ने पिता को दी श्रद्घांजलि
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने श्रीपेरंबदुर में स्थित अपने पिता राजीव गांधी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने ट्वीट किया। राहुल गांधी ने लिखा कि नफरत और बंटवारे की राजनीति में मैंने अपने पिता को खो दिया। मैं अपने प्यारे देश को भी इसमें नहीं खोऊंगा। प्यार नफरत को जीत लेगा। आशा डर को हरा देगी। हम सब मिलकर इसे मात देंगे।
जयराम रमेश ने साधा हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मैं असम के सीएम को गंभीरता से नहीं लेता, क्योंकि 20-25 साल कांग्रेस का हिस्सा रहने के बाद उन्हें हर दिन अपनी वफादारी साबित करनी होती है। वह हाल ही में बीजेपी में आए हैं, इसलिए उन्हें हर दिन अपमानजनक बयान देना पड़ता है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को पाकिस्तान में इस अभियान का संचालन करना चाहिए। सरमा ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि भारत जुड़ा और एकजुट है। वही भारत जोड़ो यात्रा पर असम के सीएम बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा आजकल जहर उगलने का काम कर रहे हैं। नए-नए मुल्ला हैं पहले कांग्रेस में थे अब बीजेपी में गए हैं तो नए मुल्ला ज्यादा प्याज खाते हैं। बीजेपी कहती है कि सारे मुसलमान को पाकिस्तान भेज दो और पाकिस्तान को अखंड भारत में मिला लो तो भेजने का क्या मतलब है?:
कांग्रेस ने की लोगों से जुड़ने की अपील
कांग्रेस पार्टी ने एक वीडियो जारी कर लोगों से भारत यात्रा से जुड़ने की अपील की है। कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा है कि राहुल गांधी ने भारत की एकता के लिए लड़ने का संकल्प लिया है। कन्याकुमारी में आज से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हो रही है। जन आंदोलन में शामिल हों।
प्रियंका गांधी ने की थी लोगों से जुड़ने की अपील
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा पर बात की थी। उन्होंने लोगों से इस यात्रा से जुड़ने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा के जरिए लोग महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर एकजुट होंगे।
60 कंटेनरों की की गई व्यवस्था, कांग्रेस ने यात्रा की तैयारियों से जुड़ा वीडियो किया शेयर
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान यात्रा में शामिल होने वाले नेता किसी होटल में नहीं रुकेंगे, वह सिर्फ कंटेनरों में ही रात बिताएंगे। इसके लिए कुल 60 कंटेनरों की व्यवस्था की गई है। कुछ कंटेनरों में स्लीपिंग बेड, शौचालय और एसी भी लगाए गए हैं। कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए स्लोगन भी जारी किए हैं। साथ ही कांग्रेस ने अपने ट्वीटर हैंडल पर तैयारियों से भी जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है।
सोनिया गांधी भी होंगी यात्रा में शामिल
कांग्रेस महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला करती रही है। कांग्रेस का कहना है कि ये आम लोगों के मुद्दे हैं और इस पर सभी मंचों पर चर्चा होनी चाहिए। भारत जोड़ो यात्रा में मार्च, रैलियां और जनसभाएं भी होंगी, जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
हर दिन होगी 25 किलोमीटर की पदयात्रा, 3,500 किलोमीटर की दूरी करेगी तय
भारत जोड़ो यात्रा में हर दिन 25 किलोमीटर की पदयात्रा होगी। इस दौरान कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का जहां पड़ाव होगा, वहां रैली, जनसभाएं भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा कई जगहों पर चौपाल और आम सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के 150 दिनों तक चलेगी, यह यात्रा लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। जो देश के 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी।

About Post Author

You may have missed